सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, निवेशकों के लिए सुनहरा मौका या सतर्क रहने की जरूरत ?

सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट, निवेशकों के लिए सुनहरा मौका या सतर्क रहने की जरूरत ?

नई दिल्ली। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सोना पिछले छह महीनों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जिससे निवेशकों और सर्राफा बाजार में हलचल तेज हो गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि लंबी अवधि के निवेश की योजना बना रहे लोगों के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड नवंबर के बाद अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी दोनों की कीमतों में तेज कमजोरी देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत में ही चांदी में हजारों रुपये की गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका में बढ़ती महंगाई, ब्याज दरों में संभावित बढ़ोतरी की आशंका और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के चलते सोने पर दबाव बना हुआ है। वहीं मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव भी बाजार की दिशा तय कर रहे हैं।

बाजार जानकारों का कहना है कि मौजूदा गिरावट के बीच जल्दबाजी से बचते हुए चरणबद्ध तरीके से निवेश करना बेहतर रणनीति हो सकती है। यदि वैश्विक हालात स्थिर रहते हैं तो मौजूदा स्तर भविष्य के लिए आकर्षक खरीदारी का मौका साबित हो सकते हैं, हालांकि निवेश से पहले बाजार की चाल और आर्थिक संकेतकों पर नजर रखना जरूरी होगा।