शाहरुख खान की ‘किंग’ का नया पोस्टर रिलीज, होंठों पर गुलाब और आंखों में गुस्सा; बोले- कातिल नहीं, आशिक हूं
शाहरुख खान की ‘किंग’ का नया पोस्टर रिलीज, होंठों पर गुलाब और आंखों में गुस्सा; बोले- कातिल नहीं, आशिक हूं
शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को रिलीज हुआ। पोस्टर में शाहरुख के होंठों के बीच गुलाब नजर आ रहा है, जबकि उनकी आंखों में गुस्सा और चेहरे पर रोमांटिक अंदाज दिखाई दे रहा है।
पोस्टर से फिल्म में एक्शन और रोमांस का दिलचस्प मेल देखने के संकेत मिल रहे हैं। शाहरुख ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “आज फिर याद आया... कातिल नहीं, आशिक हूं।” फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
24 दिसंबर को सिनेमाघरों में आएगी ‘किंग’
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने मिलकर किया है। करीब तीन साल बाद शाहरुख खान बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे।
फिल्म में वह एक नए एक्शन अवतार में नजर आएंगे। कहानी एक मेंटर और शिष्य के सफर पर आधारित बताई जा रही है, जिसमें दोनों कठिन परिस्थितियों के बीच अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष करते हैं।
पहली बार बेटी सुहाना के साथ दिखेंगे शाहरुख
फिल्म की खास बात यह है कि शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। इस फिल्म से सुहाना का थिएटर डेब्यू भी होगा। इससे पहले वह ओटीटी फिल्म ‘द आर्चीज’ में दिखाई दी थीं। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अभिषेक बच्चन फिल्म में विलेन का किरदार निभाते दिखाई देंगे।
क्रिसमस पर हॉलीवुड फिल्मों से होगी टक्कर
‘किंग’ की रिलीज क्रिसमस के मौके पर होगी। इसी दौरान ‘जुमांजी’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून 3’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों से भी बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 350 से 400 करोड़ रुपये के बीच है।
वहीं, बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी पेन मरुधर ने फिल्म के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपये में खरीदे हैं।
शाहरुख और दीपिका की छठी फिल्म
‘किंग’ में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर दिखाई देगी। दोनों इससे पहले कई सफल फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। वहीं, शाहरुख और रानी मुखर्जी करीब 20 साल बाद फिर एक साथ नजर आएंगे।
फिल्म के गानों और बैकग्राउंड म्यूजिक की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर और सचिन-जिगर संभाल रहे हैं। नए पोस्टर के बाद अब दर्शकों को फिल्म के टीजर और ट्रेलर का इंतजार है।
Keywords: शाहरुख खान किंग फिल्म, King Movie Poster, Shah Rukh Khan, Suhana Khan, Deepika Padukone, Siddharth Anand, बॉलीवुड न्यूज, किंग रिलीज डेट, King Movie 2026
news desk MPcg