इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, CM मोहन यादव समेत कई दिग्गज नेता हुए शामिल; एक लाख लोगों के जुटने का दावा
भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा और अभियान के नगर संयोजक सुधीर कोल्हे के मुताबिक, पदयात्रा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की भागीदारी रही। इसके अलावा पद्मश्री सम्मानित कबीरपंथी गायक भैरोंसिंह चौहान भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा
भाजपा आयोजकों ने इस पदयात्रा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है। आयोजन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, उद्योगपति और विभिन्न समाजों के लोग पदयात्रा में पहुंच रहे हैं।
पदयात्रा में किन्नर समाज, सियागंज के किराना व्यापारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की भागीदारी भी देखने को मिली। आयोजन से पहले भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की थी।
SIR प्रक्रिया और विपक्ष के खिलाफ अभियान का संदेश
भाजपा की ओर से इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर लोगों के बीच जानकारी पहुंचाना और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित भ्रामक नैरेटिव का जवाब देना बताया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
पदयात्रा में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लेकर चल रहे हैं। इन तख्तियों के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने जैसे संदेश दिए जा रहे हैं।
250 सामाजिक संगठनों के साथ हुई बैठकें
पदयात्रा को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं ने पिछले कई दिनों से तैयारियां की थीं। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम से पहले करीब 250 सामाजिक संगठनों के साथ बैठकें की गईं। इनमें विभिन्न समाजों, एनजीओ, शैक्षणिक संस्थानों, खेल संगठनों, व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों और एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों से चर्चा की गई।
इन बैठकों के जरिए लोगों को अभियान की जानकारी देने और अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की गई। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-2 से निकलने वाली इस पदयात्रा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है।
मंच से कैलाश विजयवर्गीय ने लगवाए नारे
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से ‘देश की रक्षा कौन करेगा, हम करेंगे’ जैसे नारे लगवाए। उन्होंने पदयात्रा में शामिल होने आ रहे लोगों को रोके जाने का मुद्दा भी उठाया। विजयवर्गीय ने मंच से एक पुलिस अधिकारी को बुलाकर कहा कि यात्रा में आने वाले लोगों को रोका नहीं जाना चाहिए और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था है।
वहीं, खुशबू किन्नर ने भी पदयात्रा की सफलता को लेकर विश्वास जताया। कार्यक्रम में किन्नर समाज के लोगों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही।
पाटनीपुरा चौराहे पर सभा के साथ होगा समापन
सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई पदयात्रा का समापन पाटनीपुरा चौराहे पर प्रस्तावित सभा के साथ होगा। यहां भाजपा के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि लोगों को संबोधित करेंगे। इस दौरान अभियान के उद्देश्यों और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर पार्टी का पक्ष जनता के सामने रखा जाएगा।
भाजपा इस पदयात्रा के जरिए इंदौर में अपनी संगठनात्मक ताकत और सामाजिक संगठनों के समर्थन का प्रदर्शन कर रही है। कार्यक्रम में नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों की भागीदारी को देखते हुए शहर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।
news desk MPcg