इंदौर में पदयात्रा के दौरान कैलाश विजयवर्गीय भड़के, समाजसेवी को पुलिस ने हिरासत में लिया
शुक्रवार को सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई भाजपा की यह पदयात्रा पाटनीपुरा चौराहे पर समाप्त हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। पदयात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, साधु-संत, किन्नर समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी पहुंचे।
पोस्टर देखकर नाराज हुए विजयवर्गीय
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी प्रहलाद पांडे अपने हाथ में पोस्टर लेकर पहुंचे। पोस्टर पर ‘30 हजार का बल्ब और 33 हजार लीटर फिनाइल’ लिखा हुआ था। इसे देखकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय नाराज हो गए। उन्होंने मंच से प्रहलाद पांडे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की और पुलिस अधिकारियों को उन्हें वहां से हटाने के लिए कहा।
विजयवर्गीय ने कहा कि यह व्यक्ति यहां न्यूसेंस कर रहा है। उन्होंने पुलिस से पोस्टर लेने और प्रहलाद पांडे को गाड़ी में बैठाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया। मंत्री के निर्देश के बाद पुलिसकर्मियों ने समाजसेवी को हिरासत में ले लिया।
पहले भी विजयवर्गीय के घर के बाहर कर चुके हैं प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, प्रहलाद पांडे इससे पहले भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर के बाहर प्रदर्शन कर चुके हैं। उस समय पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर गई थी। खास बात यह है कि उस घटना के बाद विजयवर्गीय ने खुद उन्हें छुड़वाने के लिए पत्र लिखा था। अब पदयात्रा के दौरान दोनों के बीच एक बार फिर विवाद सामने आया है।
सीएम मोहन यादव ने दिलाई लोकतंत्र की रक्षा की शपथ
पदयात्रा के समापन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से मौजूद लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं को लोकतंत्र की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सभी लोग भारत के संविधान, विधि के शासन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
शपथ में जनादेश का अपमान करने और देश में अराजकता फैलाने वाली साजिशों का विरोध करने, युवा पीढ़ी को भ्रम और भटकाव से बचाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प शामिल था। मुख्यमंत्री ने लोगों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने और अराजकता के खिलाफ एकजुट रहने का आह्वान किया।
मांडविया ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनादेश का अपमान कर देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संविधान और लोकतंत्र के समर्थन में सड़कों पर उतर रही है।
मांडविया ने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी अपने नेताओं को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हर बार उसका रॉकेट लॉन्च होने से पहले ही फुस्स हो जाता है।
विजयवर्गीय बोले- देशभक्तों की रैली है
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पदयात्रा को राष्ट्रभक्तों की रैली बताया। उन्होंने कहा कि इंदौर में जुटे युवाओं ने लोकतंत्र, विकास और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि यह रैली देश में अराजकता का नैरेटिव बनाने वालों के लिए जवाब है।
विजयवर्गीय ने कुछ आंदोलनों में बिरयानी और पिज्जा जैसी खाद्य सामग्री बांटे जाने का मुद्दा भी उठाया और सवाल किया कि इन गतिविधियों का खर्च कौन उठा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करे तो उसका स्वागत है, लेकिन हिंसा और अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पदयात्रा में कई समाजों और संगठनों की भागीदारी
इस आयोजन में सिख, सिंधी और पाल समाज के लोगों के साथ अधिवक्ता, स्कूली बच्चे, व्यापारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। किन्नर समाज की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। लोग हाथों में तख्तियां लेकर लोकतंत्र और संविधान के समर्थन में नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
पदयात्रा के दौरान शहर के कई इलाकों में बैरिकेडिंग की गई थी और यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया था। बड़ी संख्या में लोग बसों के माध्यम से भी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे।
पाटनीपुरा में सभा के साथ हुआ समापन
सुभाष नगर चौराहे से शुरू हुई भाजपा की पदयात्रा पाटनीपुरा चौराहे पर समाप्त हुई। यहां आयोजित सभा में मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र बचाने और अराजकता हटाने का संकल्प दोहराया गया।
हालांकि, इस पदयात्रा में जहां भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश दिया, वहीं समाजसेवी प्रहलाद पांडे को लेकर कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी और पुलिस हिरासत की कार्रवाई भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा का प्रमुख विषय बन गई।
news desk MPcg