₹200 करोड़ की ठगी केस में नोरा फतेही को समन, 2 नवंबर को कोर्ट में होंगी पेश

₹200 करोड़ की ठगी केस में नोरा फतेही को समन, 2 नवंबर को कोर्ट में होंगी पेश

₹200 करोड़ की ठगी केस में नोरा फतेही को समन, 2 नवंबर को कोर्ट में होंगी पेश

सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही को समन

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही को ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपए के ठगी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने समन जारी किया है। कोर्ट ने उन्हें 2 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, नोरा को इस मामले में सरकारी गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। यह आदेश प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट के आधार पर जारी किया गया है।

ठगी के पैसों से महंगे गिफ्ट लेने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश चंद्रशेखर ने रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की थी। आरोप है कि इसी रकम से नोरा फतेही को महंगे गिफ्ट दिए गए थे। इनमें लग्जरी कार, महंगे बैग और ज्वेलरी जैसी चीजें शामिल बताई गई हैं। ED इस मामले में नोरा से कई बार पूछताछ भी कर चुकी है।

एक करोड़ से ज्यादा की कार मिलने की बात आई सामने

जांच के दौरान नोरा फतेही और सुकेश चंद्रशेखर को आमने-सामने बैठाकर भी पूछताछ की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, नोरा ने 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एक करोड़ रुपए से अधिक कीमत की लग्जरी कार गिफ्ट में मिलने की बात स्वीकार की थी। हालांकि, नोरा ने किसी भी गलत गतिविधि में शामिल होने से इनकार किया है। उनका कहना रहा है कि इस मामले में वे खुद पीड़ित हैं।

जैकलीन फर्नांडिस भी मामले में आरोपी

इस मामले में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी सामने आया है। ED का आरोप है कि सुकेश ने उनसे नजदीकी बढ़ाने के बाद करोड़ों रुपए के महंगे गिफ्ट दिए थे। इनमें लग्जरी बैग, हीरे की ज्वेलरी, घोड़ा, महंगी गाड़ियां और पर्शियन बिल्लियां शामिल थीं। जांच एजेंसी के मुताबिक, सुकेश ने जैकलीन और उनके परिवार के सदस्यों पर भी बड़ी रकम खर्च की थी। इसी आधार पर जैकलीन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बनाया गया है।

रोहिणी जेल से चलाया जा रहा था ठगी का नेटवर्क

यह पूरा मामला 2020-21 के दौरान दिल्ली की रोहिणी जेल से चलाए गए कथित रंगदारी नेटवर्क से जुड़ा है। आरोप है कि जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को केंद्र सरकार का वरिष्ठ अधिकारी बताकर अदिति सिंह से संपर्क किया था। उसने उनके पति शिविंदर सिंह को जेल से बाहर निकलवाने का भरोसा दिलाया और इसके नाम पर करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की। फिलहाल सुकेश इस मामले में जेल में बंद है।