पंजाब चुनाव 2027 के लिए AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, सभी मौजूदा विधायकों
पंजाब चुनाव 2027 के लिए AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, सभी मौजूदा विधायकों को टिकट
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इस सूची में सभी मौजूदा विधायकों को दोबारा चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
धूरी से फिर चुनाव लड़ेंगे भगवंत मान
पार्टी की पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान का नाम भी शामिल है। उन्हें एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से जीत दर्ज की थी। इस बार भी पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।
जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी टिकट
AAP ने जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद पंजाब सरकार ने उनके विभागों की जिम्मेदारी दूसरे मंत्रियों को सौंप दी थी।
स्पीकर समेत कई बड़े नेताओं के नाम शामिल
पहली सूची में पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां को कोटकपूरा से टिकट दिया गया है। इसके अलावा कुलदीप सिंह धालीवाल को अजनाला, डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर साउथ, हरमीत सिंह संधू को तरनतारन और बलकार सिंह को करतारपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
117 में से 40 सीटों पर उम्मीदवार घोषित
पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। AAP ने पहली सूची में 40 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इस तरह 77 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है। पार्टी की इस सूची को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
news desk MPcg