भोपाल में नई तकनीक से सुधरेंगी सड़कें

भोपाल में नई तकनीक से सुधरेंगी सड़कें
बारिश से बने गड्ढों की मरम्मत के लिए नगर निगम ने शुरू किया पेचवर्क, महापौर मालती राय ने किया शुभारंभ

भोपाल में सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत अब नई तकनीक से की जाएगी। नगर निगम ने जीआईपीसैट डामर तकनीक पर आधारित इंस्टा रोड पेचर मशीन से पेचवर्क का काम शुरू कराया है। इससे बारिश और अन्य कारणों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत बेहतर गुणवत्ता के साथ करने का दावा किया जा रहा है।

महापौर ने मशीन से मरम्मत कार्य की शुरुआत की

महापौर मालती राय ने शनिवार को जोन-10 के वार्ड-50 स्थित जी-3 गुलमोहर कॉलोनी में मशीन से सड़क मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मशीन की कार्यप्रणाली देखी और नगर निगम के अधिकारियों से इसकी तकनीक के बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम में महापौर परिषद सदस्य सुषमा बावीसा, निगम अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

समय और गुणवत्ता में सुधार का दावा

नगर निगम के अनुसार, इंस्टा रोड पेचर मशीन के इस्तेमाल से सड़क के गड्ढों को भरने का काम तय समयसीमा में किया जा सकेगा। इससे पेचवर्क की कार्यक्षमता बढ़ने और मरम्मत की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है।

बारिश के बाद सड़कों की मरम्मत में मिलेगी मदद

बारिश के दौरान शहर की कई सड़कों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से सामने आते हैं। इनकी वजह से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती है। नगर निगम का उद्देश्य नई मशीन के जरिए ऐसे स्थानों की जल्द मरम्मत कराना और शहर में आवागमन को सुगम बनाना है।