भोपाल में टाइगर का मूवमेंट, पुलिस ने बनाया वीडियो
जिस स्थान पर टाइगर दिखाई दिया, वह भोपाल के उन इलाकों में शामिल है, जहां जंगल और रिहायशी क्षेत्र एक-दूसरे के करीब हैं। इस वजह से यहां बाघों का आना-जाना पहले भी सामने आता रहा है। वन्यजीवों की मौजूदगी को देखते हुए रात के समय इस रास्ते से गुजरने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
कलियासोत, केरवा और चंदनपुरा में भी बाघों की मौजूदगी
बाघ मित्र राशिद नूर के मुताबिक, कलियासोत डैम, चंदनपुरा, केरवा और आसपास के जंगलों में कई बाघों की मौजूदगी है। इन्हीं क्षेत्रों से जुड़े रास्तों पर समय-समय पर टाइगर का मूवमेंट दिखाई देता है। कोलार का इलाका भी बाघों के प्राकृतिक भ्रमण क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। ऐसे में जंगल से लगे रास्तों पर बाघों का दिखाई देना कोई नई बात नहीं है।
राशिद नूर ने बताया कि भोपाल के आसपास करीब 25 किलोमीटर के दायरे में बाघों की गतिविधियां देखी जाती हैं। कलियासोत और केरवा के जंगलों के अलावा कोलार और बैरसिया क्षेत्र में भी टाइगर की मौजूदगी सामने आती रही है।
भोपाल में 13 रेसिडेंशियल बाघ
भोपाल के आसपास के जंगलों में करीब 13 रेसिडेंशियल बाघ बताए जाते हैं। इनमें कलियासोत, केरवा, समरधा, अमोनी और भानपुर के जंगलों से जुड़े इलाके शामिल हैं। इन बाघों का जन्म भी इसी क्षेत्र में हुआ है और वे इसी इलाके में अपना प्राकृतिक क्षेत्र बनाए हुए हैं।
इनमें बाघिन टी-123 का कुनबा भी शामिल है। इसके अलावा भोज यूनिवर्सिटी परिसर में भी पहले कई बार बाघ की चहलकदमी देखी जा चुकी है। शहर से जुड़े रातापानी के जंगल में भी बाघों की अच्छी मौजूदगी है। यही वजह है कि भोपाल के कई रिहायशी इलाकों में कभी-कभी बाघों की आवाजाही देखने को मिल जाती है।
भोज यूनिवर्सिटी कैंपस में भी दिख चुका है टाइगर
भोपाल में बाघों की मौजूदगी पहले भी रिहायशी और शैक्षणिक परिसरों के आसपास सामने आती रही है। फरवरी 2022 में चूना भट्टी चौराहे के पास स्थित भोज यूनिवर्सिटी कैंपस में भी टाइगर का मूवमेंट देखा गया था। कोलार क्षेत्र में भी पहले बाघ दिखाई दे चुका है।
इन घटनाओं से स्पष्ट है कि भोपाल के आसपास जंगलों और शहरी आबादी के बीच दूरी कम होने के कारण वन्यजीवों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। खासकर केरवा, कलियासोत और कोलार से जुड़े इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
जंगल और शहर की सीमा पर बढ़ रही गतिविधियां
बाघ मित्र राशिद नूर ने शहरी विस्तार और जंगलों के बीच संतुलन बनाए रखने की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका कहना है कि जब भी शहर में मास्टर प्लान, भूमि उपयोग और शहरी विस्तार को लेकर चर्चा तेज होती है, तब जंगल और शहर की सीमाओं के बीच वन्यजीवों की मौजूदगी का मुद्दा भी सामने आता है।
भोपाल की पहचान उसके आसपास मौजूद हरियाली, जंगलों और प्राकृतिक जल क्षेत्रों से भी जुड़ी है। ऐसे में विकास योजनाओं के साथ वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और उनके आने-जाने के रास्तों का ध्यान रखना जरूरी है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
वन विभाग ने टाइगर मूवमेंट वाले रास्ते पर लोगों को अलर्ट किया है। खासकर रात के समय इस इलाके से गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतनी चाहिए। बाघ दिखाई देने पर उसके पास जाने, उसका पीछा करने, शोर मचाने या सेल्फी-वीडियो बनाने के लिए वाहन रोकने से बचना चाहिए। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए वन विभाग या संबंधित अधिकारियों को सूचना देना जरूरी है।
कोलार में टाइगर का ताजा वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर भोपाल के जंगलों और रिहायशी इलाकों के बीच वन्यजीवों की आवाजाही चर्चा में है। फिलहाल लोगों के लिए जरूरी है कि वे वन विभाग की चेतावनी का पालन करें और बाघ की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतें।
news desk MPcg