कड़ी सुरक्षा के बीच होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी : राजन

कड़ी सुरक्षा के बीच होने वाली मतगणना की सभी तैयारियां पूरी : राजन

 लोकसभा चुनाव 2024 के तहत कल मध्यप्रदेश की सभी 29 संसदीय सीटों पर होने वाली मतगणना के पहले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने आज बताया कि सभी जिला मुख्यालयों पर होने वाली मतगणना के सभी इंतजाम पूरे किए जा चुके हैं। राजन ने यहां संवाददाताओं को बताया कि कल सुबह आठ बजे से 29 संसदीय क्षेत्रों की मतगणना 52 जिला मुख्यालयों पर शुरु होगी। मतगणना के लिए सभी इंतजाम किए जा चुके है। सभी रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं पुलिस आयुक्त एवं पुलिस अधीक्षकों को सुरक्षा मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। मतगणना के दिन शुष्क दिवस घोषित किया गया है। तेज गर्मी को देखते हुए मतगणना स्थल पर ठंडा पानी, कूलर, पंखे, मेडिकल किट, एम्बुलेंस, अग्नि शमन यंत्र, फायर ब्रिगेड, सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं और संसाधनों की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। केवल अधिकृत पासधारी व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे। आयोग के निर्देशानुसार बनाए गये कक्षों में ईव्हीएम तथा पोस्टल बैलेट की मतगणना होगी। मतगणनाकर्मियों का 'रेण्डमाईजेशन' तीन स्तर पर होगा। प्रथम एवं द्वितीय स्तर का हो चुका है। तृतीय रेण्डमाईजेशन मतगणना दिनांक 4 को सुबह 5 बजे प्रेक्षक की उपस्थिति में किया जायेगा। आयोग द्वारा 29 लोकसभा क्षेत्रों की मतगणना हेतु 116 प्रेक्षक नियुक्त किये गये हैं, जो जिलों में पहुंच चुके हैं। रिटर्निंग ऑफिसर / सहायक रिटर्निंग ऑफिसर पोस्टल बैलेट के लिए बनाए गए स्थानीय स्ट्रांग रूम से मतगणना सेंटर में बने पोस्टल बैलेट के स्ट्रॉग रूम में आज अपराह्न 3 बजे के पश्चात् पोस्टल बैलेट को स्थानांतरित करने की कार्यवाही करेगें, जिसकी सूचना मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनैतिक दलों तथा सभी अभ्यर्थी / उनके अभिकर्ता को अनिवार्यतः दी जायेगी। सेवा निर्वाचकों के पोस्टल बैलेट डाक से प्राप्त हो रहे हैं। मतगणना केन्द्र पर प्रातः 08 बजे के पूर्व तक प्राप्त होने वाले पोस्टल बैलेट पेपर को गणना में शामिल किया जायेगा। इसके लिए रात्रि में पोस्टल डिपार्टमेन्ट को प्राप्त होने वाले पोस्टल बैलेट की डिलेवरी प्रातः 08 बजे के पूर्व मतगणना केन्द्र पर हो जाएं, इस हेतु पोस्टल डिपार्टमेन्ट के नोडल अधिकारी / पोस्टमैन को पास जारी किए गए हैं।