भोपाल में कीचड़ के छींटे पड़ने पर युवक की हत्या, मां को बचाने आए बेटे पर चाकू से हमला
घटना हनुमानगंज थाना क्षेत्र के इब्राहिमगंज की है। मृतक की पहचान अनिकेत खटीक (25) के रूप में हुई है। दीपावली की रात इलाके में लोग त्योहार मना रहे थे और जगह-जगह आतिशबाजी हो रही थी। इसी दौरान अनिकेत के घर के सामने रहने वाले कुछ युवक नाली के पास पटाखे फोड़ रहे थे। पटाखे फोड़ने के दौरान नाली में मौजूद कीचड़ और गंदगी के छींटे अनिकेत के घर की दीवार पर पड़ रहे थे। परिवार ने इस पर आपत्ति जताई और युवकों को घर से कुछ दूरी पर जाकर पटाखे फोड़ने के लिए कहा। लेकिन देखते ही देखते कहासुनी शुरू हो गई।
मां को रोकने पर युवकों ने किया हमला
अनिकेत के भाई अभिषेक के मुताबिक, उनकी मां सुनीता ने युवकों को समझाते हुए कहा था कि वे घर के सामने गंदगी और कीचड़ में पटाखे न फोड़ें। इससे दीवारें खराब हो रही हैं और घर के लोगों को परेशानी हो रही है। आरोप है कि युवकों ने उनकी मां के साथ अभद्रता शुरू कर दी। जब सुनीता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से तीन वार कर दिए।
मां को चाकू लगते देख अनिकेत उन्हें बचाने के लिए बीच में आ गया। इसी दौरान हमलावरों ने अनिकेत पर भी हमला कर दिया। आरोपियों ने उसकी जांघ और कमर पर चाकू से दो वार किए। अचानक हुए हमले से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुछ ही देर पहले जहां दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान अनिकेत की मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल अनिकेत को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार तड़के करीब 5 बजे अनिकेत ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
परिवार में अनिकेत का बड़ा भाई अभिषेक और एक बहन है। मां सुनीता भी हमले में घायल हुई हैं। एक मामूली विवाद में परिवार के जवान बेटे की मौत से परिजन सदमे में हैं। परिवार के लिए दीपावली का त्योहार खुशियों के बजाय जिंदगी भर का दर्द बन गया।
पड़ोस में रहने वाले युवकों पर हत्या का आरोप
परिजनों ने घर के सामने रहने वाले अमन रैकवार और प्रेम पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने पटाखे फोड़ने के लिए छोला इलाके में रहने वाले अपने कुछ अन्य साथियों को भी बुलाया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे और किसने किस पर हमला किया।
पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिजनों का आरोप- 45 मिनट बाद पहुंची पुलिस
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। परिवार का आरोप है कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने पुलिस को कई बार फोन किया, लेकिन पुलिस की टीम करीब 45 मिनट बाद मौके पर पहुंची। परिजनों के मुताबिक, उस दौरान अनिकेत और उसकी मां गंभीर रूप से घायल थे और परिवार के लोग मदद के लिए परेशान होते रहे।
हालांकि, हनुमानगंज थाना प्रभारी अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने मामले में हत्या की एफआईआर दर्ज कर ली है और संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मारपीट और भगदड़ के वीडियो भी आए सामने
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में युवकों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरे वीडियो में घटनास्थल पर लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति नजर आ रही है। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में पटाखे फोड़ने के दौरान हुए विवाद को वारदात की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस इस संभावना की भी जांच कर रही है कि विवाद के पीछे कोई पुरानी रंजिश या दूसरी वजह तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
news desk MPcg