सैंडपेपर विवाद की दोबारा जांच नहीं करेगा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, CEO बोले- पुरानी जांच के नतीजों से संतुष्ट
सैंडपेपर विवाद की दोबारा जांच नहीं करेगा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, CEO बोले- पुरानी जांच के नतीजों से संतुष्ट
उस्मान ख्वाजा के दावे के बाद फिर चर्चा में आया 2018 का बॉल टेम्परिंग मामला, बोले थे- पूरी टीम को थी गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी; डेविड वॉर्नर ने भी किया समर्थन
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में 2018 का चर्चित सैंडपेपर विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर उस्मान ख्वाजा ने अपनी बायोग्राफी में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी सिर्फ स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को ही नहीं, बल्कि पूरी टीम को थी। इस दावे के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पर मामले की दोबारा जांच करने का दबाव बढ़ा है। हालांकि, बोर्ड के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने जांच दोबारा शुरू करने से साफ इनकार कर दिया है।
ग्रीनबर्ग बोले- जांच दोबारा शुरू करने की कोई ठोस वजह नहीं
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने रेडियो चैनल SEN से बातचीत में कहा कि बोर्ड के पास पुरानी जांच को दोबारा खोलने का कोई ठोस कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि बोर्ड पहले की जांच के नतीजों से संतुष्ट है और अपना रुख बदलने की जरूरत नहीं समझता।
ग्रीनबर्ग ने बताया कि उन्होंने अभी ख्वाजा की किताब 'सब्र' नहीं पढ़ी है
,लेकिन ख्वाजा ने कुछ महीने पहले उन्हें फोन करके किताब के प्रकाशन की जानकारी दी थी। ग्रीनबर्ग के मुताबिक, विवाद सामने आने के समय खिलाड़ियों को अपना पक्ष रखने का पूरा मौका दिया गया था। पिछले आठ वर्षों में भी उनके पास अपनी बात रखने के अवसर मौजूद थे।
ख्वाजा का दावा- बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ को थी जानकारी
उस्मान ख्वाजा ने अपनी बायोग्राफी और सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड को दिए इंटरव्यू में कहा था कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर बॉल टेम्परिंग की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई टीम के कई सदस्यों को थी। उनके अनुसार, इसमें बल्लेबाज, गेंदबाज और सपोर्ट स्टाफ भी शामिल थे। ख्वाजा ने यह भी दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ केवल केपटाउन टेस्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए दूसरे टेस्ट के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने कहा कि केपटाउन टेस्ट के दौरान वह कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने जांच के दौरान उनका बयान तक दर्ज नहीं किया।
2018 में ऐसे सामने आया था सैंडपेपर विवाद
फरवरी-मार्च 2018 में ऑस्ट्रेलियाई टीम चार टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने दक्षिण अफ्रीका पहुंची थी। सीरीज के तीसरे मुकाबले में केपटाउन टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद की सतह पर सैंडपेपर रगड़ते हुए पकड़ा गया था। कैमरे में उनकी यह हरकत रिकॉर्ड हुई थी।
बाद में उन्हें सैंडपेपर का टुकड़ा अपनी पैंट में छिपाने की कोशिश करते भी देखा गया।
इसके बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ ने स्वीकार किया था कि टीम के लीडरशिप ग्रुप ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई थी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मामले की जांच के बाद स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर 12-12 महीने का प्रतिबंध लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने के लिए निलंबित किया गया था।
स्मिथ-वॉर्नर पर कप्तानी को लेकर भी लगी थी रोक
इस विवाद के बाद स्टीव स्मिथ पर प्रतिबंध की अवधि पूरी होने के बाद भी 12 महीने तक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने पर रोक लगाई गई थी। वहीं, डेविड वॉर्नर पर आजीवन कप्तानी प्रतिबंध लगाया गया था, जिसे 2024 में हटा दिया गया। दूसरी ओर, ख्वाजा के नए दावों ने उस समय की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 2021 में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने संयुक्त बयान जारी कर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी होने से इनकार किया था। ऐसे में ख्वाजा के दावे और पुराने खिलाड़ियों के बयान के बीच अंतर भी चर्चा का विषय बन गया है।
वॉर्नर ने ख्वाजा का समर्थन कर जांच पर उठाए सवाल
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उस्मान ख्वाजा के दावों को 100% सही बताया। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि ख्वाजा बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, इसके बावजूद उनसे पूछताछ नहीं की गई। वॉर्नर ने इसे जांच की बड़ी कमी बताया।
उन्होंने कहा कि उनका मकसद किसी पर आरोप लगाना या पुराने विवाद को फिर से हवा देना नहीं है
, बल्कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए। उनके मुताबिक, पूरी जांच सही तरीके से होती तो कई सवालों के जवाब सामने आ सकते थे। फिलहाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोबारा जांच से इनकार कर दिया है, लेकिन ख्वाजा और वॉर्नर के बयानों के बाद आठ साल पुराना यह विवाद फिर चर्चा में आ गया है।
news desk MPcg