आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण का तीसरी पत्नी से तलाक,
आंध्र प्रदेश के डिप्टी CM पवन कल्याण का तीसरी पत्नी से तलाक, 13 साल बाद आपसी सहमति से हुए अलग
रूसी मॉडल अन्ना लेझनेवा से 2013 में की थी शादी, दोनों ने कहा- अच्छे दोस्त बने रहेंगे; बच्चों की परवरिश और खुशी रहेगी पहली प्राथमिकताआंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता पवन कल्याण अपनी तीसरी पत्नी अन्ना लेझनेवा से भी अलग हो गए हैं। दोनों ने आपसी सहमति और समझ के साथ तलाक लेने का फैसला किया है।
पवन कल्याण और अन्ना की शादी 30 सितंबर 2013 को हुई थी।
करीब 13 साल साथ रहने के बाद दोनों ने अपने रास्ते अलग करने का निर्णय लिया। उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि शादी खत्म होने के बावजूद दोनों अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की जिम्मेदारी मिलकर निभाएंगे।
आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला
पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला की ओर से जारी बयान के मुताबिक, दोनों ने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा साथ बिताया है। अब आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। बयान में कहा गया कि वैवाहिक रिश्ता भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन दोनों के बीच दोस्ती और सम्मान का रिश्ता बना रहेगा। वे अपने बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई उनकी साझा प्राथमिकता होगी। दोनों ने अपने शुभचिंतकों से इस मुश्किल दौर में उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।
पहली पत्नी नंदिनी से 2007 में हुआ था तलाक
पवन कल्याण की पहली शादी 1997 में नंदिनी से हुई थी। बताया जाता है कि परिवार की सहमति से हुई इस शादी में कुछ समय बाद आपसी मतभेद शुरू हो गए थे। इसी दौरान पवन कल्याण अभिनेत्री रेनू देसाई के साथ रहने लगे थे। वर्ष 2004 में रेनू ने बेटे अकिरा नंदन को जन्म दिया। इस मामले को लेकर नंदिनी ने पवन के खिलाफ दूसरी शादी से संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 2007 में दोनों का तलाक हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तलाक के दौरान पवन ने नंदिनी को करीब 5 करोड़ रुपये गुजारा भत्ता दिया था।
दूसरी पत्नी रेनू देसाई से 2012 में हुए अलग
पहली पत्नी से तलाक के बाद पवन कल्याण ने 28 जनवरी 2009 को अभिनेत्री रेनू देसाई से शादी की। दोनों की मुलाकात फिल्मों में काम करने के दौरान हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए, बेटा अकिरा नंदन और बेटी आध्या। हालांकि, शादी के करीब तीन साल बाद ही दोनों के रिश्ते में दूरियां आ गईं। वर्ष 2012 में पवन और रेनू का तलाक हो गया। उस समय दोनों के अलग होने की वजह को लेकर अलग-अलग तरह की रिपोर्ट्स सामने आई थीं, लेकिन दोनों ने सार्वजनिक रूप से इसकी स्पष्ट वजह नहीं बताई।
2013 में रूसी मॉडल अन्ना लेझनेवा से की तीसरी शादी
रेनू देसाई से तलाक के करीब एक साल बाद पवन कल्याण ने रूसी मॉडल अन्ना लेझनेवा से शादी की। दोनों की मुलाकात एक फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। 30 सितंबर 2013 को दोनों विवाह बंधन में बंधे। इस शादी से पवन कल्याण के दो और बच्चे हुए, बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटा मार्क शंकर पवनोविच। अन्ना के साथ शादी के बाद पवन कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और राजनीतिक आयोजनों में भी नजर आते रहे। अब दोनों ने आपसी सहमति से वैवाहिक जीवन समाप्त करने का फैसला किया है।
2014 में बनाई जनसेना पार्टी, 2024 में बने डिप्टी CM
पवन कल्याण ने 14 मार्च 2014 को जनसेना पार्टी की स्थापना की थी। इससे पहले वर्ष 2008 में उन्होंने अपने बड़े भाई चिरंजीवी की पार्टी प्रजा राज्यम के साथ राजनीति में कदम रखा था। बाद में राजनीतिक मतभेदों के चलते उन्होंने अपनी अलग पार्टी बनाई। वर्ष 2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनसेना पार्टी ने तेलुगु देशम पार्टी (TDP) और भाजपा के साथ गठबंधन किया। चुनाव में TDP ने 135, जनसेना ने 21 और भाजपा ने 8 सीटें जीतीं। इसके बाद चंद्रबाबू नायडू मुख्यमंत्री बने और पवन कल्याण को राज्य का उपमुख्यमंत्री बनाया गया।
फिल्मों से राजनीति तक ऐसा रहा पवन कल्याण का सफर
पवन कल्याण का असली नाम कोनिडेला कल्याण बाबू है। उन्होंने 1996 में तेलुगु फिल्म 'अक्कड़ा अम्मायी इक्कदा अब्बायी' से अभिनय की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में लगातार सफल फिल्में देने के बाद उन्होंने तेलुगु सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई और पावर स्टार के नाम से लोकप्रिय हुए।
'गब्बर सिंह' जैसी फिल्मों ने उनके स्टारडम को और मजबूत किया।
फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभाई। 2024 में चुनावी जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनकी तारीफ करते हुए उन्हें आंधी बताया था। अभिनेता से राजनेता बने पवन कल्याण अब आंध्र प्रदेश की राजनीति में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
news desk MPcg