कंगना रनोट ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना, बायोग्राफी को बताया अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा

कंगना रनोट ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना, बायोग्राफी को बताया अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा

कंगना रनोट ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना, बायोग्राफी को बताया अपने पैर पर कुल्हाड़ी मारने जैसा

राजीव गांधी की हत्या, सोनिया की संपत्ति और मेनका गांधी से रिश्तों को लेकर उठाए सवाल; सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गांधी परिवार पर की टिप्पणियां

बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने सोनिया गांधी की बायोग्राफी को लेकर सोशल मीडिया पर कई सवाल उठाए हैं।

 उन्होंने अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, मेनका गांधी और गांधी परिवार से जुड़े पुराने घटनाक्रमों का जिक्र किया। कंगना ने सोनिया की किताब को अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मारने जैसा बताते हुए कहा कि इसमें लिखी कुछ बातें नए सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने सोनिया की संपत्ति, राजीव गांधी की हत्या के दिन उनके साथ नहीं जाने और मेनका गांधी के साथ परिवार में हुए व्यवहार को लेकर भी टिप्पणियां कीं।

बायोग्राफी को लेकर कंगना ने की टिप्पणी

कंगना ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक सोशल मीडिया पोस्ट रीशेयर की। इसमें राजीव गांधी की हत्या वाले दिन सोनिया गांधी के उनके साथ नहीं जाने का दावा किया गया था। कंगना ने इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सोनिया गांधी की बायोग्राफी में इस घटना का जिक्र और उसके पीछे बताई गई वजहें कई सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि राहुल गांधी ने अपनी मां से मुश्किल परिस्थितियों में खुद को उलझाने की कला सीखी है।

सोनिया गांधी की संपत्ति पर उठाए सवाल

कंगना ने अपनी दूसरी पोस्ट में सोनिया गांधी की संपत्ति को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सोनिया गांधी ने अपने जीवन में कमाई नहीं की, इसके बावजूद वह दुनिया की अमीर महिलाओं में कैसे शामिल हुईं। कंगना ने स्विस बैंक खातों में कथित तौर पर 2 अरब डॉलर से अधिक की रकम होने के दावे का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया की बायोग्राफी में इन आरोपों और दावों का जवाब क्यों नहीं दिया गया।

हालांकि, कंगना की पोस्ट में लगाए गए ये आरोप और संपत्ति से जुड़े दावे उनके अपने सवाल हैं। इन्हें स्वतंत्र रूप से प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता।

मेनका गांधी के इंटरव्यू को री-पोस्ट कर उठाए सवाल

कंगना ने मेनका गांधी का सिमी गरेवाल को दिया गया पुराना इंटरव्यू भी री-पोस्ट किया। इस इंटरव्यू में मेनका ने गांधी परिवार में अपने साथ हुए व्यवहार का जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि उन्हें परिवार के साथ खाने की मेज पर बैठने तक की अनुमति नहीं थी।

इस पर कंगना ने सवाल उठाया कि मेनका गांधी को परिवार से अलग होने की स्थिति क्यों आई और उस समय परिवार के भीतर क्या परिस्थितियां थीं। उन्होंने सोनिया गांधी की बायोग्राफी में विपक्षी दलों से जुड़े लोगों के साथ उनके संबंधों के उल्लेख का भी जिक्र किया। कंगना ने पूछा कि जब राजीव गांधी राजनीति में आने के इच्छुक नहीं थे, तो मेनका को परिवार से बाहर करने के पीछे कौन था।

गांधी परिवार में हुई मौतों को बताया संयोग

कंगना ने अपनी एक अन्य पोस्ट में गांधी परिवार से जुड़ी कई बड़ी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फिल्म ‘इमरजेंसी’ के लिए भारतीय राजनीति और गांधी परिवार पर रिसर्च करते समय उनके मन में कई सवाल आए थे। कंगना ने इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों का उल्लेख करते हुए इन्हें एक के बाद एक हुए ऐसे घटनाक्रम बताया,

 जिन पर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने सवाल उठाया कि इन घटनाओं के बाद प्रधानमंत्री पद की दावेदारी के लिहाज से सोनिया गांधी की भूमिका किस तरह सामने आई। कंगना ने इन घटनाओं को संयोग बताते हुए गांधी परिवार के इतिहास को लेकर अपनी आशंकाएं जाहिर कीं। हालांकि, इन टिप्पणियों के समर्थन में उन्होंने कोई स्वतंत्र प्रमाण पेश नहीं किया।

पहले भी राहुल और प्रियंका गांधी पर कर चुकी हैं टिप्पणी

कंगना इससे पहले भी गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीति को लेकर बयान देती रही हैं। अप्रैल 2024 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने राहुल गांधी को ‘महत्वाकांक्षी मां का शिकार’ बताया था। उनका कहना था कि सोनिया गांधी ने राहुल और प्रियंका गांधी को राजनीति में आने के लिए प्रेरित किया,

 जबकि राहुल को अपना करियर चुनने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए थी।

मार्च 2024 में टाइम्स नाउ समिट के दौरान कंगना ने राहुल और प्रियंका गांधी को ‘नेपो किड्स’ कहा था। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद और वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।

‘इमरजेंसी’ के प्रमोशन के दौरान भी दिया था बयान

अगस्त 2024 में अपनी फिल्म ‘इमरजेंसी’ के प्रमोशन के दौरान कंगना ने इंदिरा गांधी को लेकर भी टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि इंदिरा गांधी को केवल राहुल गांधी की दादी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि वह देश की पूर्व प्रधानमंत्री थीं और उनका राजनीतिक इतिहास पूरे देश से जुड़ा है।

सोनिया गांधी की बायोग्राफी को लेकर कंगना की ताजा टिप्पणियों के बाद गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई है। उनके बयानों में कई पुराने राजनीतिक घटनाक्रमों का जिक्र है, जिन पर उन्होंने सवाल उठाए हैं।