बीकानेर में मां-बेटी से लूट, बाइक सवार पर्स छीनकर भागे
बीकानेर में मां-बेटी से सरेराह लूट, बाइक सवार बदमाश पर्स छीनकर भागे
बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर में भाई दूज मनाकर घर लौट रही मां-बेटी के साथ लूट की वारदात हुई। बुधवार देर रात धरणीधर मंदिर के पास रमण भवन के सामने बाइक सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स छीनने के दौरान हुई खींचतान में महिला सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़िता ने गंगाशहर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रात 12 बजे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, उस्ता बारी निवासी रक्षा पुरोहित अपनी मां के साथ चौपड़ा बाड़ी से घर लौट रही थीं। रात करीब 12 बजे वे रमण भवन के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनकी मां के हाथ से पर्स छीन लिया। दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। अचानक हुई इस घटना से मां-बेटी संभल नहीं पाईं और बदमाश मौके से भाग निकले।
पर्स में मोबाइल और 6 हजार रुपए रखे थे
पीड़िता के मुताबिक, छीने गए पर्स में एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 6 हजार रुपए नकद और बच्ची की चांदी की पायल रखी हुई थी। बदमाश पर्स के साथ यह सामान भी ले गए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस को सूचना दी और थाने पहुंचकर परिवाद दिया।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
सूचना मिलने पर गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में आरोपियों की तलाश की। हालांकि, दोनों युवक पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो चुके थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
news desk MPcg