इंदौर में गुम-चोरी हुए 238 मोबाइल बरामद, दूसरे राज्यों में चल रहे थे फोन
इंदौर। रक्षाबंधन के मौके पर इंदौर क्राइम ब्रांच ने लोगों को बड़ी राहत देते हुए गुम और चोरी हुए 238 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे। बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई गई है। इनमें 11 आईफोन भी शामिल हैं।
खास बात यह रही कि गुम होने के बाद इनमें से कई मोबाइल इंदौर में नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग शहरों और राज्यों में इस्तेमाल किए जा रहे थे। क्राइम ब्रांच की साइबर टीम ने तकनीकी जानकारी और मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर इनकी लोकेशन और इस्तेमाल का पता लगाया। इसके बाद मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के साथ महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत अन्य राज्यों से मोबाइल बरामद किए गए।
बरामद किए गए 238 मोबाइल में सबसे ज्यादा 77 वीवो, 38 ओप्पो, 29 सैमसंग, 22 वनप्लस और 16 रेडमी के फोन शामिल हैं। इसके अलावा 11 आईफोन भी पुलिस ने बरामद किए हैं।
क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने सिटीजन कॉप एप और CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का तकनीकी विश्लेषण किया। पुलिस ने उन मोबाइल फोन की जानकारी जुटाई, जिनमें गुम होने के बाद किसी दूसरी सिम का इस्तेमाल किया जा रहा था। IMEI नंबर के जरिए फोन की पहचान और लोकेशन ट्रेस की गई, जिसके बाद अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई कर मोबाइल बरामद किए गए।
मोबाइल गुम या चोरी होने पर इंदौर क्राइम ब्रांच के सिटीजन कॉप एप के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है। इसके लिए एप में ‘रिपोर्ट लॉस्ट आर्टिकल’ विकल्प का इस्तेमाल करना होता है। शिकायत में मोबाइल की जानकारी, बिल या थाने में दर्ज शिकायत की कॉपी और वैकल्पिक मोबाइल नंबर देना होता है। मोबाइल बरामद होने पर पुलिस इसी नंबर के जरिए संबंधित व्यक्ति से संपर्क करती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर IMEI नंबर ब्लॉक जरूर कराएं। इसके लिए पुलिस शिकायत और जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के बाद मिलने वाली रिक्वेस्ट आईडी से मोबाइल की शिकायत की स्थिति भी देखी जा सकती है।
news desk MPcg