अंडर-19 फाइनल: पाकिस्तान की तेज शुरुआत
अंडर-19 एशिया कप फाइनल: पाकिस्तान की तेज शुरुआत, 5 ओवर में 36 रन
ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती पांच ओवर में टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए 36 रन बना लिए हैं। क्रीज पर हयाम खान और उस्मान खान मौजूद हैं।
पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने शुरुआती ओवरों से ही आक्रामक रुख अपनाया। दूसरे ओवर में काव्या पटेल की गेंदबाजी पर हयाम खान ने दो चौके लगाए और 6 गेंदों पर 8 रन बनाए। इसके बाद तीसरे ओवर में उस्मान खान ने मोहम्मद उल्वा के ओवर में तीन चौके जड़कर पाकिस्तान के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया। उस्मान 12 गेंदों पर 14 रन बनाकर खेल रहे थे।
भारत ने टीम में किया एक बदलाव
भारतीय कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने टॉस के दौरान बताया कि भारत पहले गेंदबाजी करना चाहता था। टीम में एक बदलाव किया गया है। हल्की चोट के कारण ईशान सूद फाइनल से बाहर हैं और उनकी जगह सी. वेंकट को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। पाकिस्तान ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है।
भारत की प्लेइंग-11 में लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशवर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उल्वा, आर्यन सावसानी, काव्या पटेल और सी. वेंकट शामिल हैं। वहीं पाकिस्तान की टीम में उस्मान खान, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास डार, मोहम्मद सय्यम, रिजवानुल्लाह, निकाब शफीक और हयाम खान हैं।
सेमीफाइनल जीतकर फाइनल में पहुंचीं दोनों टीमें
भारत ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। दूसरी ओर पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया। पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारा है। ग्रुप स्टेज में भी पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था। ऐसे में भारतीय टीम के सामने उस हार का बदला लेकर खिताब जीतने की चुनौती है।
भारत-पाकिस्तान के बीच चौथी बार खिताबी मुकाबला
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान चौथी बार आमने-सामने हैं। इससे पहले 2012 में दोनों के बीच फाइनल टाई रहा था और दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था। 2013-14 में भारत ने पाकिस्तान को 40 रन से हराकर खिताब जीता था। वहीं 2025 के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी।
दोनों टीमों के बीच अब तक 31 यूथ वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 17 और पाकिस्तान ने 13 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा है। हालांकि, टूर्नामेंट के पिछले पांच मुकाबलों में पाकिस्तान ने तीन और भारत ने दो मैच जीते हैं।
आर्यवीर और उस्मान पर रहेंगी नजरें
भारतीय बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने चार मैचों में 303 रन बनाए हैं। उनका औसत 101 और स्ट्राइक रेट 95.58 है। वे एक शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 163 और वीके विनीत ने 132 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में ईशान सूद ने चार मैचों में 11 विकेट लिए हैं, लेकिन चोट के कारण वे फाइनल में नहीं खेल रहे हैं।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने चार मैचों में 238 रन बनाए हैं। उनका औसत 119 और स्ट्राइक रेट 103.03 है। UAE के खिलाफ उन्होंने नाबाद 139 रन की पारी खेली थी। हमजा जहूर भी अच्छी फॉर्म में हैं और भारत के खिलाफ ग्रुप मुकाबले में शतक लगाकर टीम को जीत दिला चुके हैं। गेंदबाजी में रिजवानुल्लाह ने 11 विकेट लिए हैं।
पिच पर तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद
अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड के पिछले मुकाबलों के आंकड़ों के अनुसार, यहां पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 36 प्रतिशत मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीमों को 64 प्रतिशत मुकाबलों में जीत मिली है। मैदान पर पहली पारी का औसत स्कोर 206 और दूसरी पारी का 176 रन बताया गया है।
पिछले 10 मैचों में तेज गेंदबाजों ने 77 विकेट लिए हैं, जबकि स्पिन गेंदबाजों को 44 विकेट मिले हैं। पिच की सतह धीमी रहने और गेंद के बल्ले पर आसानी से नहीं आने की संभावना जताई गई है। ऐसे में फाइनल में तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम हो सकती है।
news desk MPcg