इंदौर में रैपिडो राइडर ने 13 साल की छात्रा से की छेड़छाड़, भाई को भी पीटा

इंदौर में रैपिडो राइडर ने 13 साल की छात्रा से की छेड़छाड़, भाई को भी पीटा
मध्यप्रदेश के इंदौर में बाइक टैक्सी सेवा के दौरान नाबालिग बच्ची के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। विजय नगर इलाके में रैपिडो के जरिए बुक की गई एक्टिवा पर सफर कर रही 13 साल की छात्रा के साथ चालक ने कथित तौर पर गलत हरकत की। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसके छोटे भाई को थप्पड़ मार दिया और दोनों बच्चों को रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

दादी ने बच्चों के लिए बुक की थी बाइक टैक्सी

पुलिस के मुताबिक, छात्रा अपने छोटे भाई के साथ स्कीम-78 स्थित दादी के घर गई थी। सोमवार शाम दोनों को सुखलिया स्थित अपने घर लौटना था। परिवार के अन्य सदस्य व्यस्त होने के कारण दादी ने रैपिडो के माध्यम से एक्टिवा बुक की थी। कुछ देर बाद सफेद रंग की एक्टिवा लेकर एक युवक पहुंचा। दोनों बच्चे उस पर सवार होकर घर के लिए रवाना हुए।

रास्ते में चालक ने की गलत हरकत

बताया गया है कि कुछ दूर जाने के बाद चालक ने बैग की वजह से गाड़ी चलाने में परेशानी होने की बात कही। उसने बैग आगे रखने और छात्रा को बीच में बैठने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी ने छात्रा के पैरों को गलत तरीके से छुआ और चलती गाड़ी पर उसके करीब आने की कोशिश की। छात्रा ने असहज महसूस करते हुए विरोध किया और एक्टिवा रुकवा दी।

विरोध करने पर भाई को मारा थप्पड़

छात्रा के विरोध के बाद आरोपी ने दोनों बच्चों को रास्ते में ही छोड़ दिया। इस दौरान जब उसके छोटे भाई ने चालक को पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया और मौके से भाग निकला। घटना के बाद दोनों बच्चे घर पहुंचे और अपने माता-पिता को पूरी बात बताई।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, आरोपी की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही माता-पिता दोनों बच्चों को लेकर विजय नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सोमवार रात आरोपी रैपिडो चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा और बाइक टैक्सी सेवाओं में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खासकर नाबालिगों के अकेले सफर करने की स्थिति में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।