इंदौर के लालबाग पैलेस में खुदाई के दौरान मिली पुरानी तिजोरी
सड़क निर्माण के दौरान मिली तिजोरी
लालबाग पैलेस परिसर में इन दिनों सड़क निर्माण, दीवार निर्माण और सफाई से जुड़े काम चल रहे हैं। मंगलवार सुबह इसी काम के लिए जमीन की खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान कर्मचारियों को मिट्टी के नीचे एक पुरानी तिजोरी दिखाई दी। इसके बाद मजदूरों ने सावधानी से उसे बाहर निकाला। तिजोरी सामने आते ही मौके पर कर्मचारियों और अन्य लोगों की भीड़ जमा हो गई।
होलकर राजघराने से जुड़े होने की अटकलें
लालबाग पैलेस का इतिहास इंदौर के होलकर राजघराने से जुड़ा हुआ है। यह महल होलकर शासकों की ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य कला का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाता है। ऐसे में परिसर के भीतर पुरानी तिजोरी मिलने के बाद इसके राजघराने से संबंधित होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि तिजोरी होलकर परिवार की है या इसमें कभी शाही दस्तावेज अथवा कीमती सामान रखा गया था।
चौकीदार ने सुरक्षित रखवाकर दी अधिकारियों को सूचना
परिसर के चौकीदार धर्मेंद्र यादव ने बताया कि सड़क निर्माण और सफाई के दौरान कर्मचारियों को जमीन में दबी तिजोरी दिखाई दी थी। जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसे सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। फिलहाल तिजोरी को सुरक्षित रखा गया है, ताकि निरीक्षण के दौरान उसकी स्थिति और अन्य जानकारियों का पता लगाया जा सके।
जांच के बाद सामने आएगा तिजोरी का इतिहास
फिलहाल तिजोरी की वास्तविक उम्र, उसके अंदर मौजूद सामग्री और ऐतिहासिक महत्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। संबंधित विभाग और पुरातत्व विशेषज्ञों के निरीक्षण के बाद ही इसकी प्राचीनता और होलकर राजघराने से संभावित संबंध का पता चल सकेगा। अब सभी की नजर इस बात पर है कि तिजोरी के अंदर क्या मौजूद है और क्या यह इंदौर के इतिहास से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज या पुरानी धरोहर साबित होगी।
news desk MPcg