मणिपुर: सुरक्षाबलों का कड़ा प्रहार, 11 प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के सदस्य धराए
मणिपुर के इंफाल ईस्ट, काकचिंग और थौबल जिलों में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया। प्रतिबंधित संगठनों कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी और केसीपी से जुड़े इन उग्रवादियों के पास से हथियार, गोला-बारूद और संचार उपकरण बरामद हुए। ये उग्रवादी आम जनता को धमकाने और जबरन वसूली में शामिल थे।
मणिपुर के इंफाल ईस्ट, काकचिंग और थौबल जिलों से विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये सभी गिरफ्तारियां सोमवार को की गईं। प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के चार सदस्यों को इंफाल ईस्ट जिले के मंत्रिपुखरी फ्रेंच कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है।
आम जनता को धमकाने का आरोप
पुलिस ने बताया कि वे घाटी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर हथगोले रखकर आम जनता को धमकाने की घटनाओं में शामिल थे। उनके कब्जे से पुलिस ने दो पिस्तौल, दो मैगजीन और गोला-बारूद बरामद किया है। अधिकारी ने बताया कि एक अलग अभियान में सुरक्षा बलों ने इंफाल ईस्ट जिले के केराओ वांगखेम और उसके आसपास के इलाके से इसी संगठन के तीन अन्य सक्रिय सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से पांच हथियार, गोला-बारूद और एक वायरलेस संचार उपकरण जब्त किया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के एक सदस्य को इम्फाल ईस्ट जिले के सावोमबंग काबुई खुंजाओ से जबरन वसूली में कथित रूप से शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से दो पिस्तौल, एक हथगोला और एक डेटोनेटर बरामद किया गया है। प्रतिबंधित केसीपी (अपुनबा) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को थौबल जिले के वांगजिंग अवांग लेईकाई में एक खाली पड़े घर से गिरफ्तार किया गया। वह भी जबरन वसूली में शामिल थे।
news desk MPcg