सुनील नरेन ने रचा इतिहास, टी20 में KKR के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बने
सुनील नरेन ने केकेआर के लिए 208 विकेट लेकर टी20 में एक टीम के लिए सर्वाधिक विकेट के रिकॉर्ड की बराबरी की। आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 3 विकेट लेकर केकेआर को 14 रन से जीत दिलाई। उन्होंने युजवेंद्र चहल को पछाड़कर लक्ष्य बचाव में दूसरा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला गेंदबाज बन गए।
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के दिग्गज स्पिनर सुनील नरेन ने टी20 क्रिकेट में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने एक ही टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में नॉटिंघमशायर के समित पटेल की बराबरी कर ली है। मंगलवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2025 के रोमांचक मुकाबले में केकेआर ने दिल्ली कैपिटल्स को 14 रनों से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया। इस मैच में नरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।
केकेआर ने बनाया मजबूत स्कोर, नरेन ने बिखेरा जादू
पहले बल्लेबाजी करते हुए गत चैंपियन केकेआर ने युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी की 44 रनों की आतिशी पारी की बदौलत 20 ओवर में 9 विकेट पर 204 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी और लगातार दूसरी हार झेलनी पड़ी। नरेन ने अपने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट हासिल किए और केकेआर की जीत में अहम भूमिका निभाई।
टी20 में अनोखा रिकॉर्ड
नरेन ने इस मैच में न केवल अपनी टीम को जीत दिलाई, बल्कि टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने केकेआर के लिए 208 विकेट पूरे किए, जो टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के लिए किसी गेंदबाज द्वारा लिया गया संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने समित पटेल की बराबरी की, जिन्होंने नॉटिंघमशायर के लिए 208 विकेट लिए हैं। नरेन को अब इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए केवल एक और विकेट की जरूरत है। पुरुष टी20 क्रिकेट में नरेन और पटेल ही ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने किसी एक टीम के लिए 200 से अधिक विकेट लिए हैं।
चहल को पछाड़ा, भुवनेश्वर के रिकॉर्ड की ओर नजर
नरेन ने आईपीएल में लक्ष्य का बचाव करते हुए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया। नरेन के नाम अब इस स्थिति में 79 विकेट हो गए हैं, जबकि चहल ने 78 विकेट लिए हैं।
news desk MPcg