Ayodhya News: शादी समारोह में जा रहे चाचा-भतीजे की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत, परिवार में कोहराम
अयोध्या में सोमवार रात एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार चाचा-भतीजा अनिल निषाद (28) और आकाश निषाद (32) को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। दोनों एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के अयोध्या में सोमवार की रात लखनऊ की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। दोनों युवक रिश्ते में चाचा-भतीजा थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली।
घटना के बाद आसपास चौराहे पर मौजूद लोग भागकर पहुंचे। उन्होंने युवकों को सड़क के किनारे किया। बाइक को हाईवे से हटाकर किनारे किया। साथ ही इसकी सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मवई भेजा। यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही दोनों की मौत हो गई।
वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे
मृतकों की पहचान रौनाही के बुलालपुर निवासी अनिल निषाद (28) और आकाश निषाद (32) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक सवार रामसनेही घाट नगर पंचायत के ताला गांव एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। हाईवे चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
news desk MPcg