बरेली में बनेगा 250 करोड़ का टेक्सटाइल पार्क, 79.61 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक औद्योगिक नगरी

बरेली में बनेगा 250 करोड़ का टेक्सटाइल पार्क, 79.61 एकड़ में विकसित होगी आधुनिक औद्योगिक नगरी

बरेली। जिले में लंबे समय से प्रतीक्षित टेक्सटाइल पार्क का सपना अब साकार होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बरेली समेत पांच शहरों में टेक्सटाइल पार्क की घोषणा के बाद परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। इसके लिए उत्तर प्रदेश सहकारी कताई मिल की करीब 79.61 एकड़ भूमि का निशुल्क हस्तांतरण करने का आदेश जारी कर दिया गया है।

बहेड़ी से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम सैदपुर खुर्द स्थित सहकारी कताई मिल परिसर में प्रस्तावित यह पार्क करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगा। योजना के तहत वस्त्र एवं परिधान उद्योगों के लिए आधुनिक बुनियादी सुविधाएं, प्लग एंड प्ले शेड, सड़क, बिजली, पानी, सीईटीपी, गोदाम, लॉजिस्टिक हब, कौशल विकास केंद्र, श्रमिक हॉस्टल और स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पार्क में केवल टेक्सटाइल इकाइयों ही नहीं, बल्कि बटन, जिपर, लेबल, पैकेजिंग और अन्य सहायक उद्योगों को भी स्थान मिलेगा। सरकार की टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीति-2022 के तहत यहां स्थापित उद्योगों को पूंजी अनुदान, ब्याज प्रतिपूर्ति और अन्य वित्तीय प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।

फिलहाल पुराने भवनों को ध्वस्त करने और मशीनरी हटाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। बिजली, पानी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। विभाग ने पार्क में उद्योग स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों से ऑनलाइन आवेदन भी आमंत्रित किए हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना बरेली मंडल को उत्तर प्रदेश का उभरता हुआ टेक्सटाइल हब बनाने के साथ हजारों लोगों, विशेषकर महिलाओं और कुशल श्रमिकों, के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।