हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के बीच मंडी में भूस्खलन, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। इसी बीच जिला मंडी में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पंडोह से मौवीसेरी जा रही एक निजी बस के ठीक आगे सड़क पर पहाड़ का बड़ा हिस्सा अचानक दरक गया। भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिनमें से कुछ बस से भी टकराए।
घटना सुबह करीब 8:55 बजे थमलाह खड्ड के पास हुई। जैसे ही पहाड़ी से मलबा गिरना शुरू हुआ, बस चालक बिट्टू ने असाधारण सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को नियंत्रित किया और रोक दिया। इसके बाद बिना घबराए यात्रियों को सुरक्षित तरीके से बस से उतारना शुरू किया। इसी दौरान पहाड़ी से और मलबा गिरता चला गया, जिससे हालात और भी भयावह हो गए।
बस में उस वक्त करीब 30 यात्री सवार थे। अचानक हुए भूस्खलन से यात्रियों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन चालक और कंडक्टर मनु की समझदारी ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यात्रियों ने राहत की सांस लेते हुए दोनों की जमकर प्रशंसा की और कहा कि उनकी सतर्कता न होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मलबा गिरने से पंडोह–मौवीसेरी मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई और मार्ग बहाली का कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में मौसम के मिजाज को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बेहद जरूरी है।
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि संकट की घड़ी में चालक और कंडक्टर की सूझबूझ कितनी कीमती साबित हो सकती है।