दिल्ली एयरपोर्ट पर करोड़ों की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आए भारतीय यात्री को कस्टम ने दबोचा

दिल्ली एयरपोर्ट पर करोड़ों की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आए भारतीय यात्री को कस्टम ने दबोचा

दिल्ली एयरपोर्ट पर करोड़ों की ड्रग्स बरामद, बैंकॉक से आए भारतीय यात्री को कस्टम ने दबोचा

नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। यात्री के सामान की एक्स-रे जांच और गहन तलाशी के दौरान उसके बैग से आठ पॉलीथीन पैकेट बरामद हुए, जिनमें संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ था।

अधिकारियों के अनुसार, बरामद पदार्थ का कुल वजन 6,939.5 ग्राम (करीब 7 किलोग्राम) है। प्रारंभिक जांच में इसे गांजा (मारिजुआना) माना गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.43 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

सीमा शुल्क विभाग ने आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया है और बरामद मादक पदार्थ के साथ उसकी पैकिंग सामग्री को भी जब्त कर लिया गया है। फिलहाल एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे भारत में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था।

अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और ड्रग तस्करी से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।