दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान’ यात्रा शुरू, उज्जैन से अयोध्या तक 950 किमी पैदल चलेंगे

दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान’ यात्रा शुरू, उज्जैन से अयोध्या तक 950 किमी पैदल चलेंगे

दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान’ यात्रा शुरू, उज्जैन से अयोध्या तक 950 किमी पैदल चलेंगे

सपत्नीक किया पार्थिव शिवलिंग का पूजन, 70 दिन में यात्रा पूरी करने का लक्ष्य; रोजाना 30 से 50 हजार रुपए खर्च का अनुमान

उज्जैन से शुरू हुई यात्रा

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की ‘सत्य सनातन स्वाभिमान’ यात्रा 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हो रही है।

 यात्रा से पहले उन्होंने पत्नी अमृता सिंह के साथ पार्थिव शिवलिंग का पूजन किया। करीब 950 किलोमीटर लंबी इस यात्रा को लगभग 70 दिनों में पूरा कर अयोध्या के राम मंदिर तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

 यात्रा में साधु-संतों, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विधायकों और महिला प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग

दिग्विजय सिंह मंदिरों में चढ़ावे और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग को लेकर यह यात्रा निकाल रहे हैं। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में व्यवस्था और पारदर्शिता पर चर्चा होनी चाहिए।

 यात्रा के दौरान भोजन, नाश्ते, चाय और ठहरने की व्यवस्था अलग-अलग पड़ावों पर सहयोग करने वाले लोग करेंगे। दिग्विजय सिंह के मुताबिक, लोग खुद आगे आकर इन व्यवस्थाओं में सहयोग दे रहे हैं।

रोजाना 30 से 50 हजार रुपए खर्च होने का अनुमान

कांग्रेस विधायक महेश परमार के अनुसार, यात्रा के दौरान छोटे ग्रामीण पड़ावों पर करीब 20 से 30 हजार रुपए और बड़े पड़ावों पर 50 से 60 हजार रुपए तक खर्च होने का अनुमान है।

औसतन प्रतिदिन 30 से 50 हजार रुपए खर्च का आकलन किया जा रहा है। करीब 70 दिनों की यात्रा पर कुल 30 से 40 लाख रुपए खर्च होने की संभावना जताई गई है। भोजन, चाय, नाश्ते और ठहरने की व्यवस्था अलग-अलग स्थानों पर सहयोग करने वाले लोग संभालेंगे।

दिग्विजय बोले- मुझे नहीं पता कौन करा रहा भंडारा

यात्रा के दौरान भोजन और भंडारों की व्यवस्था को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोग अपनी इच्छा से सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर तक उत्तर प्रदेश पहुंचने के दौरान नाश्ते और भोजन की व्यवस्था के लिए भी लोग आगे आए हैं। अपनी नर्मदा परिक्रमा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उस समय भी लोग अपने भंडारे को यात्रा में शामिल कराने का आग्रह करते थे। उनके मुताबिक, इस यात्रा में भी कई लोग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी लेने के लिए आगे आ रहे हैं।

चिंतामन गणेश और महाकाल के दर्शन के बाद यात्रा

यात्रा की शुरुआत से पहले दिग्विजय सिंह चिंतामन गणेश मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद नृसिंह घाट के पास बालाजी गार्डन में पार्थिव शिवलिंग निर्माण और पूजन का कार्यक्रम रखा गया है।

 फिर महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा आगे बढ़ेगी। उज्जैन में यात्रा पटनी बाजार, गोपाल मंदिर, कमरी मार्ग, कंठाल चौराहा, निजातपुरा, कोयला फाटक और कानीपुरा रोड सहित विभिन्न मार्गों से गुजरेगी। पहला पड़ाव कानीपुरा में रखा गया है।

रोजाना 15 किलोमीटर पैदल चलने की योजना

आयोजकों के मुताबिक, यात्रा के पहले दिन करीब 3 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। आगे के ग्रामीण पड़ावों पर रोजाना 1,000 से 1,500 लोगों के जुड़ने की संभावना जताई गई है। यात्रा के दौरान प्रतिदिन लगभग 15 किलोमीटर पैदल चलने की योजना है। इसके लिए दिग्विजय सिंह पहले से ही रोज करीब 8 किलोमीटर पैदल चलने का अभ्यास कर रहे थे।

विशेष रथ में राम-सीता और पांच नदियों के जल कलश

यात्रा के साथ एक विशेष रथ भी चलेगा। इसमें भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। रथ में गंगा, यमुना, शिप्रा, कावेरी और नर्मदा के जल से भरे कलश भी रखे जाएंगे। इस रथ का निर्माण महावीर जैन और सतीश शर्मा ने भरत पोरवाल के निर्देशन में किया है।

संतों और विभिन्न समुदायों के लोगों के शामिल होने की संभावना

यात्रा में महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा सहित कई संतों के शामिल होने की बात कही गई है। कांग्रेस विधायक महेश परमार के अनुसार, ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने भी यात्रा को समर्थन और आशीर्वाद दिया है।

 यात्रा में शामिल होने पहुंचीं फराह खान ने कहा कि वह अपनी इच्छा से इसमें शामिल हुई हैं। उन्होंने मंदिरों से सोने की चोरी और धार्मिक स्थलों की व्यवस्था में पारदर्शिता जैसे मुद्दों को उठाने की बात कही।

 फराह खान के अनुसार, वह शुरुआती पांच-छह दिन यात्रा में रहेंगी और बाद में फिर शामिल होंगी। उन्होंने रायसेन जिले से भी मुस्लिम समाज के कुछ लोगों के यात्रा में जुड़ने की बात कही।

मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश होते हुए अयोध्या पहुंचेगी यात्रा

‘सत्य सनातन स्वाभिमान’ यात्रा उज्जैन से शुरू होकर तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर और चंदेरी से गुजरेगी। इसके बाद यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर तालबेहट, जेरोन और ओरछा होते हुए चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात और बाराबंकी के रास्ते अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा का अंतिम पड़ाव अयोध्या स्थित राम मंदिर होगा।