SBI पर साइबर अटैक, 3,897 ग्राहकों का डेटा लीक

SBI पर साइबर अटैक, 3,897 ग्राहकों का डेटा लीक

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर सामने आने का मामला उजागर हुआ है। बैंक ने 3,897 ग्राहकों के रिकॉर्ड में व्यक्तिगत जानकारी उजागर होने की पुष्टि की है। इस जानकारी में ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, ईमेल आईडी और घर के पते जैसी संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।

डार्क वेब पर मिले करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड

SBI के अनुसार, 16 अक्टूबर को बैंक को अपने थ्रेट इंटेलिजेंस सेवा प्रदाता, डिफेंस साइबर एजेंसी और भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीम (CERT-In) से ग्राहकों के डेटा के डार्क वेब पर उपलब्ध होने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच के दौरान करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड का विश्लेषण किया गया। इनमें 3,897 रिकॉर्ड ऐसे मिले, जिनमें ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी शामिल थी।

कौन-कौन सी जानकारी हुई उजागर?

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लीक हुए रिकॉर्ड में ग्राहकों के नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, लिंग, ईमेल आईडी और आवासीय पते जैसी जानकारियां शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा बैंक शाखा, कस्टमर इन्फॉर्मेशन फाइल (CIF) पहचान संख्या, लीड आईडी और लोन से जुड़े रिकॉर्ड का मेटाडेटा भी सामने आया है।

हालांकि, बैंक ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि डेटा किस स्रोत से बाहर आया और इसके पीछे किसका हाथ है। जांच के जरिए लीक हुए डेटा की प्रामाणिकता, उसके स्रोत और ग्राहकों पर पड़ने वाले संभावित असर का पता लगाया जा रहा है।

बैंकिंग सेवाओं पर असर नहीं

SBI ने बताया कि इस घटना का बैंक के मुख्य कामकाज, वित्तीय प्रदर्शन या कारोबार की निरंतरता पर कोई महत्वपूर्ण असर नहीं पड़ा है। बैंक ने साइबर घटना से निपटने के लिए अपने सुरक्षा और नियंत्रण संबंधी प्रोटोकॉल सक्रिय किए हैं। साथ ही, विस्तृत जांच के लिए CERT-In से सूचीबद्ध एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को नियुक्त किया गया है।

ग्राहकों को सतर्क रहने की सलाह

डेटा लीक की ऐसी घटनाओं के बाद साइबर ठग ग्राहकों को बैंक अधिकारी बनकर फोन कर सकते हैं या फर्जी लिंक भेजकर जानकारी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए SBI के ग्राहकों को सतर्क रहने की जरूरत है।

ग्राहक किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM PIN, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और बैंक के नाम से आने वाले किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें।

फिलहाल, जांच जारी है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि डेटा लीक का कारण क्या था और प्रभावित ग्राहकों की जानकारी किस तरह उजागर हुई।