ईरान ने रोकी LPG सप्लाई, पाकिस्तान में सिलेंडर 8,200 रुपए तक पहुंचा
पाकिस्तान में LPG की कीमतों में भारी उछाल आया है। ईरान से गैस की सप्लाई बंद होने और दूसरे देशों से आयात प्रभावित होने के कारण घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। पाकिस्तान में 12 किलो का LPG सिलेंडर 7,000 से 8,200 पाकिस्तानी रुपए तक बिक रहा है। इससे आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सीमा बंद होने से सप्लाई प्रभावित
पाकिस्तान अपनी कुल LPG जरूरत का करीब 50% हिस्सा ईरान से आयात करता है। दोनों देशों के बीच गब्द-रिमदान और तफ्तान की प्रमुख सीमा चौकियां 17 अक्टूबर से बंद हैं। पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी रोकने को इसकी वजह बताया, जबकि ईरान ने तकनीकी समस्याओं का हवाला दिया।
पाकिस्तान LPG एसोसिएशन के मुताबिक, ईरान से रोजाना करीब 7,000 मीट्रिक टन LPG आती है। ग्वादर चैंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष शम्सुल हक के अनुसार, अकेले गब्द-रिमदान सीमा से हर दिन 4,000 टन से ज्यादा गैस की सप्लाई होती थी, जो फिलहाल बंद है।
सिलेंडर के दाम में 2,500 रुपए की बढ़ोतरी
सप्लाई रुकने का असर सीधे बाजार पर पड़ा है। पाकिस्तान में 12 किलो के LPG सिलेंडर की कीमत कुछ ही दिनों में 4,500 रुपए से बढ़कर 7,000 रुपए हो गई है। यानी कीमत में 2,500 रुपए का इजाफा हुआ है।
पाकिस्तान के तेल और गैस नियामक प्राधिकरण OGRA ने 11.8 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत 3,296 पाकिस्तानी रुपए तय की है। इसके बावजूद बाजार में सिलेंडर सरकारी दर से दोगुने से ज्यादा कीमत पर बिक रहे हैं।
LPG एसोसिएशन के अध्यक्ष इरफान खोखर के मुताबिक, बलूचिस्तान में 12 किलो का सिलेंडर 7,000 रुपए, लाहौर में 7,500 रुपए और स्कर्दू में 8,200 रुपए तक बिक रहा है।
ओमान और इराक से आयात भी प्रभावित
पाकिस्तान अपनी LPG जरूरत का करीब 70% हिस्सा विदेशों से आयात करता है। ईरान के अलावा इराक और ओमान से भी गैस आती है। पाकिस्तान में रोजाना करीब 6,500 से 7,000 टन LPG की जरूरत होती है, जबकि देश में केवल 2,000 से 2,500 टन गैस का उत्पादन होता है।
बाकी जरूरत आयात से पूरी की जाती है। हालांकि, होर्मुज स्ट्रेट में जंग के कारण पैदा हुई रुकावटों से इराक और ओमान से आने वाली गैस की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।
सरकार ने कीमतों में सुधार का दिया भरोसा
पाकिस्तान के पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा कि सरकार खुद LPG आयात करके बाजार में उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अगले 2 से 3 दिनों में कीमतों में सुधार शुरू होने की उम्मीद जताई है।
मंत्री के मुताबिक, LPG की कीमत 400 से 425 पाकिस्तानी रुपए प्रति किलो के बीच होनी चाहिए। उन्होंने ज्यादा कीमत वसूलने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
मलिक ने दावा किया कि बाजार और स्थानीय LPG की कीमतों के अंतर से करीब 30 अरब पाकिस्तानी रुपए का फर्क पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अदालत से स्टे ऑर्डर लेकर ऊंचे दाम वसूल रहे हैं। सरकार ने ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई तेज करने की बात कही है।
सीमा पर फंसे सैकड़ों ट्रक
ईरान और पाकिस्तान के बीच सीमा बंद होने से LPG टैंकरों समेत सैकड़ों ट्रक दोनों तरफ फंसे हुए हैं। शम्सुल हक के मुताबिक, 1,000 से ज्यादा पाकिस्तानी कंटेनरों में आलू, केले और चावल लदे हैं, जिन्हें ईरान भेजा जाना था।
ट्रक चालक कई दिनों से सीमा खुलने का इंतजार कर रहे हैं। चालक अब्दुल गनी बलोच ने बताया कि वे एक हफ्ते से ज्यादा समय से वहां फंसे हैं और उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी ठीक से नहीं मिल रही हैं।
ईरान से LPG सप्लाई बंद होने और दूसरे आयात प्रभावित होने के कारण पाकिस्तान में गैस संकट गहरा गया है। अब लोगों को राहत मिलने के लिए सरकार के आयात और कीमतों पर नियंत्रण के प्रयासों का इंतजार है।
news desk MPcg