आदमपुर में फिर बसेगा भजनलाल परिवार, दुकान नंबर 107 पर बना हवेलीनुमा घर; 11 नवंबर को गृह प्रवेश
आदमपुर में फिर बसेगा भजनलाल परिवार, दुकान नंबर 107 पर बना हवेलीनुमा घर; 11 नवंबर को गृह प्रवेश
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के परिवार की आदमपुर में घर वापसी होने जा रही है। आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 107, जो कभी भजनलाल के कारोबार और बाद में उनकी राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही, अब हवेलीनुमा मकान में बदल गई है। भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई और उनका परिवार दिवाली के बाद 11 नवंबर को इस नए घर में गृह प्रवेश करेगा।
इस कार्यक्रम के लिए परिवार की ओर से समर्थकों और क्षेत्रवासियों को निमंत्रण भेजे जा रहे हैं।
इस नए घर का परिवार के लिए भावनात्मक महत्व भी है। चौधरी भजनलाल ने अपने शुरुआती दिनों में आदमपुर में घी बेचने का काम किया था। इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी में दुकान नंबर 107 लेकर आढ़त का कारोबार शुरू किया।
धीरे-धीरे यही जगह परिवार की राजनीतिक गतिविधियों और समर्थकों से मुलाकात का प्रमुख केंद्र बन गई।
आज भी कुलदीप बिश्नोई आदमपुर आने पर इसी स्थान पर बने कार्यालय में लोगों से मिलते हैं और बैठकें करते हैं।दुकान नंबर 107 के ऊपर बनाए गए नए मकान को हवेली जैसा स्वरूप दिया गया है। इसके निचले हिस्से में मीटिंग हॉल और कार्यालय बनाया गया है, जबकि ऊपर की तीन मंजिलों पर परिवार के रहने की व्यवस्था है। फिलहाल बिश्नोई परिवार हिसार और दिल्ली स्थित अपने मकानों में रहता है।
नए घर में रहने की व्यवस्था के साथ आदमपुर से परिवार का पुराना जुड़ाव फिर चर्चा में है।
कुलदीप बिश्नोई ने अपने निमंत्रण पत्र में इस अवसर को भावुक और यादगार बताया है। उन्होंने लिखा कि स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की प्रेरणा, संस्कार और आशीर्वाद से नए घर में नई शुरुआत होने जा रही है। उनके अनुसार, घर केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि अपनों के प्यार, विश्वास और अपनत्व से बना संसार है।
उन्होंने समर्थकों और क्षेत्रवासियों से परिवार सहित पहुंचकर आशीर्वाद देने की अपील की है।
दरअसल, बिश्नोई परिवार ने कुछ साल पहले आदमपुर स्थित अपनी पुरानी कोठी बेच दी थी, जिसके बाद परिवार के क्षेत्र से दूर होने की चर्चाएं शुरू हुई थीं। 2022 के आदमपुर उपचुनाव के दौरान कुलदीप बिश्नोई ने कहा था कि भव्य बिश्नोई यहीं रहेंगे और लोगों की सेवा करेंगे।
इसके बाद दुकान नंबर 107 के ऊपर घर बनाने का काम हुआ। साल 2024 में भव्य बिश्नोई के विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी कुलदीप बिश्नोई इसी दुकान पर समर्थकों से मुलाकात के दौरान भावुक हो गए थे।
अब नए घर के गृह प्रवेश को परिवार के आदमपुर से पुराने रिश्ते के एक नए अध्याय के रूप में देखा जा रहा है।
Keywords: कुलदीप बिश्नोई, चौधरी भजनलाल, आदमपुर, दुकान नंबर 107, बिश्नोई परिवार, गृह प्रवेश 11 नवंबर, हरियाणा राजनीति, भव्य बिश्नोई, आदमपुर अनाज मंडी, भजनलाल परिवार
news desk MPcg