हरियाणा के 18 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान 7 डिग्री गिरा; 50 किमी की रफ्तार

हरियाणा के 18 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान 7 डिग्री गिरा; 50 किमी की रफ्तार

हरियाणा के 18 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट, तापमान 7 डिग्री गिरा; 50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। चक्रवात 'अर्नब' और पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को 18 जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें 9 जिलों में तेज बारिश और ओले गिरने की आशंका है, जबकि अन्य जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

शुक्रवार सुबह फरीदाबाद, नारनौल और पानीपत में बूंदाबांदी दर्ज की गई।

वहीं हिसार और सोनीपत में आसमान में घने बादल छाए रहे। इससे पहले गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई थी। पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद, नारनौल, यमुनानगर, पंचकूला, अंबाला, जींद, कुरुक्षेत्र और करनाल में बूंदाबांदी से मौसम ठंडा हो गया।

9 जिलों में ऑरेंज और 9 में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, झज्जर, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है।

इसके अलावा रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रोहतक, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी ह!

50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली कड़कने, आंधी और कुछ स्थानों पर ओले गिरने की आशंका है। वहीं येलो अलर्ट वाले जिलों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम में इस बदलाव का असर जनजीवन और खुले में चल रही गतिविधियों पर पड़ सकता है।

अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट

प्रदेश में बारिश और बादलों के कारण तापमान में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में करीब 7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है। यह सामान्य से लगभग 5.8 डिग्री सेल्सियस कम है। तापमान गिरने से दिन के समय भी ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम में बदलाव के चलते सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं का असर

HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 29 अक्टूबर से हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी से बदलकर उत्तर-पूर्वी होने की संभावना है। इसके साथ बंगाल की खाड़ी की ओर से नमी वाली हवाएं हरियाणा पहुंच रही हैं। इन हवाओं के कारण प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

31 अक्टूबर तक बदला रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 29 अक्टूबर की रात से 31 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर बूंदाबांदी से लेकर मध्यम और तेज बारिश हो सकती है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी संभव है।

 किसानों और आम लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।