मुंबई लोकल 10 घंटे तक प्रभावित, ट्रैक पर मिले 3 शव: कांजुरमार्ग में आग से सिग्नल सिस्टम फेल
मुंबई लोकल 10 घंटे तक प्रभावित, ट्रैक पर मिले 3 शव: कांजुरमार्ग में आग से सिग्नल सिस्टम फेल;
यात्रियों को पटरियों पर चलना पड़ा
मुंबई में सोमवार को सेंट्रल रेलवे की मेनलाइन पर सिग्नलिंग सिस्टम में खराबी के कारण लोकल ट्रेन सेवाएं कई घंटों तक बुरी तरह प्रभावित रहीं। कांजुरमार्ग स्टेशन के पास सिग्नलिंग हट के रिले रूम में आग लगने के बाद विखरोली-ठाणे सेक्शन में ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया।
करीब 10 घंटे तक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और कई जगह लोग ट्रेन से उतरकर पटरियों के रास्ते आगे जाते दिखाई दिए।
इसी दौरान रेलवे ट्रैक पर तीन लोगों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। घाटकोपर-विक्रोली सेक्शन में दो लोगों के शव मिले, जबकि भांडुप में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई।
कांजुरमार्ग में आग के बाद बिगड़ी व्यवस्था
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे कांजुरमार्ग स्टेशन के पास सिग्नलिंग से जुड़े रिले रूम में आग लग गई। इसके बाद सिग्नलिंग सिस्टम प्रभावित हो गया और ट्रेनों की आवाजाही पर इसका सीधा असर पड़ा। आग की वजह से कांजुरमार्ग और भांडुप स्टेशनों के बीच कई सिग्नल काम नहीं कर रहे थे।
24 सिग्नल प्रभावित, 6 लाइनों पर पड़ा असर
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, कांजुरमार्ग में सिग्नलिंग हट में आग लगने के कारण कांजुरमार्ग और भांडुप के बीच करीब 24 सिग्नल प्रभावित हुए। इस वजह से मेन लाइन की छह लाइनों पर ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। कांजुरमार्ग स्टेशन से जुड़ी सभी चार लोकल लाइनों पर भी कुछ समय के लिए सेवाएं बंद करनी पड़ीं।
यात्रियों को ट्रैक पर चलना पड़ा
लोकल ट्रेन सेवाएं रुकने के बाद कई ट्रेनों में यात्री लंबे समय तक फंसे रहे। ट्रेनें आगे नहीं बढ़ने पर कुछ यात्रियों को उतरकर पटरियों के रास्ते आगे जाना पड़ा। दूसरी ओर, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस समेत कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। मुंबई की लोकल ट्रेन सेवा रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही का प्रमुख साधन है, इसलिए लंबे समय तक सेवा बाधित होने से शहर के परिवहन पर व्यापक असर पड़ा।
ट्रैक पर मिले तीन शव
सेवा बाधित रहने के दौरान रेलवे ट्रैक पर तीन लोगों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। घाटकोपर-विक्रोली सेक्शन में मिले दो शवों को राजावाड़ी अस्पताल भेजे जाने की बात कही गई है। वहीं भांडुप में ट्रेन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हुई। अधिकारियों के अनुसार, वह व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया।
शाम तक सेवाएं बहाल होने लगीं
सिग्नलिंग सिस्टम में आई खराबी को दूर करने के लिए रेलवे की टीमें काम करती रहीं। कई घंटों की परेशानी के बाद शाम तक सेवाओं को बहाल कर दिया गया। हालांकि, लंबे समय तक ट्रेनों के प्रभावित रहने के कारण कई रूट पर यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
मुंबई की लाइफलाइन है लोकल
सेंट्रल रेलवे की मेनलाइन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस को ठाणे जिले के कल्याण से जोड़ती है। कल्याण के आगे यह मार्ग एक तरफ कसारा और दूसरी तरफ खोपोली की ओर जाता है। इस रूट से मुंबई और आसपास के महानगरीय क्षेत्र के बड़ी संख्या में यात्री रोजाना सफर करते हैं। ऐसे में सिग्नलिंग सिस्टम की खराबी का असर लोकल ट्रेनों के साथ लंबी दूरी की कुछ ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ा।
news desk MPcg