सीएम के इंतजार में रुकी भाजपा की पदयात्रा, मंच से सीढ़ियों तक खड़े रहे नेता
इंदौर। शहर में शुक्रवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान उस समय अलग नजारा देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने में देरी होने के कारण पदयात्रा कुछ समय के लिए रुक गई। मुख्यमंत्री के इंतजार में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि पहले मंच पर और बाद में सीढ़ियों पर खड़े रहे।
पदयात्रा सुभाष नगर चौराहे से शुरू होकर पाटनीपुरा चौराहे तक निकाली गई। यात्रा जब परदेशीपुरा चौराहे पहुंची तो वहां मंच से नेताओं के संबोधन का कार्यक्रम हुआ। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने माइक संभालते हुए नारेबाजी कराई और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नेताओं के भाषण समाप्त होने के बाद भी मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे थे, जिसके चलते पदयात्रा को आगे बढ़ाने का इंतजार किया जाने लगा।
मंच से उतरकर सीढ़ियों पर किया इंतजार
मुख्यमंत्री के पहुंचने में देरी होने पर कैलाश विजयवर्गीय ने मंच से लोगों का उत्साह बनाए रखने के लिए नारेबाजी कराई और गीत भी सुनाया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से पदयात्रा आगे शुरू करने की अनुमति लेने की बात कही। इसके बाद नेता मंच से उतरकर आगे बढ़ने लगे, लेकिन मुख्यमंत्री के जल्द पहुंचने की सूचना मिलने पर केंद्रीय मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि सीढ़ियों के पास ही रुक गए।
कुछ देर बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव का काफिला परदेशीपुरा चौराहे पहुंचा। उनके आगमन की घोषणा होते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ गया। मुख्यमंत्री के पहुंचने के बाद गुब्बारे छोड़े गए और इसके साथ ही पदयात्रा को आगे रवाना किया गया।
दोपहिया वाहन पर बैठते समय गिरते-गिरते बचे नगर अध्यक्ष
पदयात्रा के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के साथ भी एक रोचक घटना देखने को मिली। पाटनीपुरा स्थित मंच तक जल्दी पहुंचने के लिए उन्होंने सड़क के दूसरी ओर एक दोपहिया वाहन रुकवाया और उस पर बैठ गए। वाहन के मुड़ते ही उसका अगला पहिया फिसल गया, जिससे सुमित मिश्रा और वाहन चालक दोनों गिरते-गिरते बच गए।
भाजपा के झंडे और गमछे लेकर पहुंचे स्कूली बच्चे
पदयात्रा में कुछ स्कूली बच्चे भी भाजपा के झंडे और पार्टी के गमछे पहनकर पहुंचे थे। बच्चों ने बताया कि वे ‘लोकतंत्र बचाओ’ यात्रा में शामिल होने आए हैं। हालांकि, जब उनसे यात्रा के उद्देश्य और लोकतंत्र को लेकर सवाल किया गया तो कई बच्चों ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
बच्चों के अनुसार, उन्हें स्कूल के शिक्षक कार्यक्रम में लेकर आए थे और पहले से यात्रा के उद्देश्य के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई थी। बताया गया कि ये बच्चे मां कनकेश्वरी देवी स्कूल के थे।
इंदौर में आयोजित इस पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के इंतजार, नेताओं के बीच बनी स्थिति और स्कूली बच्चों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना दिया। वहीं, पदयात्रा के चलते शहर के कुछ इलाकों में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात सामने आई।
news desk MPcg