वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ शेयर की तस्वीर:बोले- भाई के साथ कभी कॉम्पिटिशन नहीं था,
वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ शेयर की तस्वीर, बोले- भाई के साथ कभी कॉम्पिटिशन नहीं था; कियारा को कहा 'भाभी जी'
बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने शुक्रवार को सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। इस तस्वीर में वरुण सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं,
जबकि कियारा दोनों अभिनेताओं के बीच खड़ी दिखाई दे रही हैं।
तस्वीर के साथ वरुण ने दोस्ती और भाईचारे को लेकर खास संदेश भी लिखा। उन्होंने सिद्धार्थ को अपना भाई बताते हुए कहा कि उनके बीच कभी कोई कॉम्पिटिशन नहीं रहा। वहीं, कियारा को मजाकिया अंदाज में 'भाभी जी' कहकर उनके घर पर मेहमाननवाजी के लिए शुक्रिया भी कहा।
सिद्धार्थ ने भी किया पोस्ट, बोले- तुम हमेशा पहली पसंद रहोगे
वरुण की इस पोस्ट पर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी अपना जवाब दिया। उन्होंने तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि भाई, तुम हमेशा मेरी पहली पसंद रहोगे। दोनों अभिनेताओं की इस सोशल मीडिया बातचीत को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। कई यूजर्स ने दोनों की दोस्ती की तारीफ की, तो कुछ ने उन्हें एक बार फिर साथ में फिल्म करने की सलाह दी। करण जौहर ने भी तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए दोनों को फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' के किरदार रोहन और अभिमन्यु के नाम से याद किया। उन्होंने लिखा कि दोनों के बीच कैसी टक्कर है, लेकिन दोस्ती जिंदगीभर की है।
2012 में 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से शुरू हुआ था सफर
वरुण धवन और सिद्धार्थ मल्होत्रा ने साल 2012 में करण जौहर की फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इस फिल्म में वरुण ने रोहन नंदा और सिद्धार्थ ने अभिमन्यु सिंह का किरदार निभाया था।
दोनों फिल्म में एक ही कॉलेज के छात्र होते हैं और स्टूडेंट ऑफ द ईयर का खिताब जीतने के लिए एक-दूसरे को चुनौती देते हैं। फिल्म में आलिया भट्ट भी मुख्य भूमिका में थीं। पर्दे पर दोनों के बीच मुकाबला देखने को मिला था, लेकिन असल जिंदगी में उनकी दोस्ती बनी रही।
कॉफी विद करण में सिद्धार्थ को लेकर वरुण ने किया था मजाक
हाल ही में 'कॉफी विद करण' के सीजन 9 में वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा को लेकर मजेदार टिप्पणी की थी। शो के दौरान करण जौहर ने उनसे पूछा कि अगर कनाडाई सीरीज 'हीटेड राइवलरी' का भारतीय रूपांतरण बनाया जाए तो वह किस अभिनेता को चुनेंगे। इस पर वरुण ने तुरंत सिद्धार्थ का नाम लिया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दोनों इस कहानी के किरदार निभा सकते हैं और 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' में भी उनके बीच अलग तरह की केमिस्ट्री थी।
सिद्धार्थ की अच्छी पर्सनैलिटी देखकर वरुण को होती थी चिंता
एक पॉडकास्ट में वरुण धवन ने सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ अपनी शुरुआती दिनों की प्रतिस्पर्धा को लेकर भी बात की थी। उन्होंने बताया था कि उस समय सिद्धार्थ की लंबाई, अच्छी पर्सनैलिटी और लुक्स देखकर उन्हें लगता था कि दर्शक कहीं उन्हें ज्यादा पसंद न करने लगें। वरुण ने स्वीकार किया था कि फिल्म में दो हीरो होने के कारण उनके मन में यह डर था कि कहीं सिद्धार्थ के सामने उनकी पहचान पीछे न रह जाए।
हालांकि, समय के साथ दोनों के बीच यह शुरुआती प्रतिस्पर्धा दोस्ती में बदल गई। अब दोनों की नई तस्वीर और एक-दूसरे के लिए लिखे गए संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। फैंस भी इस दोस्ती को पसंद कर रहे हैं और दोनों को फिर से किसी फिल्म में साथ देखने की इच्छा जता रहे हैं।
Keywords: Varun Dhawan, Sidharth Malhotra, Kiara Advani, Bollywood News, Student Of The Year, Karan Johar, Bollywood Friendship
news desk MPcg