काबिल' और 'कांटे' के डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन, किचन में गिरने से सिर में लगी थी चोट;
काबिल' और 'कांटे' के डायरेक्टर संजय गुप्ता का निधन, किचन में गिरने से सिर में लगी थी चोट; संजय दत्त ने जताया दुख
बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक संजय गुप्ता का 57 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने 'कांटे', 'काबिल', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'जिंदा' और 'मुंबई सागा' जैसी चर्चित फिल्मों का निर्देशन किया था।
जानकारी के मुताबिक, 30 और 31 अक्टूबर की दरमियानी रात वह मुंबई स्थित अपने घर के किचन में गिर गए थे। इस हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके कारण उनका निधन हो गया। उन्होंने 23 अक्टूबर को ही अपना 57वां जन्मदिन मनाया था।
किचन में गिरने से हुआ हादसा, पुलिस कर रही जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय गुप्ता मुंबई के राम नगर इलाके में एक बंगले में रहते थे। 30-31 अक्टूबर की रात किचन में गिरने के बाद उनके सिर में चोट लगी थी। हालांकि, घटना की जानकारी परिवार और करीबियों को अगली सुबह मिली। उनके करीबी दोस्त और फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके निधन की पुष्टि की।
वहीं, दोस्त हनीफ चूनावाला ने भी एएनआई से बातचीत में हादसे की जानकारी दी।
घटना के बाद वर्सोवा पुलिस की टीम उनके घर पहुंची। पुलिस ने शुरुआती जानकारी के आधार पर आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है। शुरुआती जांच में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से भी किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
संजय दत्त ने दी श्रद्धांजलि, बोले- कांटे 2 बनाकर पूरा करूंगा सपना
संजय गुप्ता के निधन से अभिनेता संजय दत्त भी बेहद भावुक हैं। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था और उनके बीच लंबे समय तक गहरी दोस्ती रही। संजय दत्त ने फिल्म 'कांटे' के सेट की एक पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें अपना भाई बताया।
उन्होंने लिखा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि उनका दोस्त उन्हें छोड़कर चला गया।
संजय दत्त ने बताया कि कुछ दिन पहले ही दोनों के बीच 'कांटे 2' को लेकर बातचीत हुई थी। उन्होंने अपने दोस्त का सपना पूरा करने का वादा करते हुए कहा कि वह उनकी याद में 'कांटे 2' बनाने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने लिखा कि संजय गुप्ता हमेशा उनके परिवार का हिस्सा रहेंगे और उनकी कमी जिंदगीभर महसूस होगी।
अंडरवर्ल्ड से मिली थीं धमकियां, संजय दत्त ने सुरक्षित निकलने में की थी मदद
संजय गुप्ता ने कुछ सप्ताह पहले एक इंटरव्यू में अपने करियर के शुरुआती दौर का किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि 1992-93 के दौरान जब वह अपनी पहली फिल्म 'आतिश: फील द फायर' बना रहे थे, तब उन्हें अंडरवर्ल्ड की ओर से धमकियां मिली थीं। एक दिन उनके घर फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने अपना नाम नाना बताया।
बाद में उन्हें पता चला कि फोन छोटा राजन का था।
संजय गुप्ता ने बताया था कि धमकी मिलने के बाद उन्होंने संजय दत्त से मदद मांगी। इसके बाद संजय दत्त ने अपने पिता सुनील दत्त की सरकारी गाड़ी उनके घर भिजवाई। संजय गुप्ता पीछे के रास्ते से उस गाड़ी में बैठकर सुरक्षित वहां से निकल गए थे। इस घटना के बाद दोनों की दोस्ती और भी गहरी हो गई थी।
संजय दत्त के साथ कई फिल्मों में किया काम
संजय गुप्ता और संजय दत्त की जोड़ी बॉलीवुड में काफी चर्चित रही। दोनों ने पहली बार 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' में साथ काम किया था। इसके बाद 'खौफ', 'जंग', 'कांटे', 'मुसाफिर' और 'जिंदा' जैसी फिल्मों में भी दोनों साथ नजर आए। फिल्म 'कांटे' को दर्शकों के बीच खास पहचान मिली।
इसके अलावा संजय गुप्ता ने 'प्लान', 'शूटआउट एट लोखंडवाला' और 'दस कहानियां' जैसी फिल्मों में भी निर्माता और लेखक के तौर पर काम किया।
संजय गुप्ता की फिल्मों में क्राइम, गैंगस्टर ड्रामा और एक्शन की खास झलक देखने को मिलती थी। ऋतिक रोशन स्टारर 'काबिल' और जॉन अब्राहम की 'मुंबई सागा' ने भी उनके निर्देशन को अलग पहचान दिलाई। उनके निधन की खबर के बाद बॉलीवुड के कई कलाकार और फिल्ममेकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
सुनील शेट्टी, मीका सिंह, हंसल मेहता, अनुपम खेर और अनिल शर्मा समेत कई हस्तियों ने उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
Keywords: Sanjay Gupta Death, Bollywood Director Sanjay Gupta, Sanjay Dutt, Kaabil Director, Kaante Director, Bollywood News, Mumbai News
news desk MPcg