SGPGI - भर्ती परीक्षा रद्द, STF करेगी जांच
SGPGI भर्ती परीक्षा रद्द, STF करेगी जांच
लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (SGPGI) में नर्सिंग और हॉस्पिटल अटेंडेंट भर्ती परीक्षा विवाद के बाद रद्द कर दी गई है। रविवार को 7 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित परीक्षा में करीब 8,500 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने कथित पेपर लीक और धांधली का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अभ्यर्थियों का दावा था कि ऑफिस के अंदर OMR शीट भरी जा रही थीं। संस्थान ने मामले की जांच STF को सौंप दी है।
परीक्षा केंद्रों पर हुआ हंगामा
अभ्यर्थियों ने परीक्षा में गड़बड़ी और चीटिंग के आरोप लगाए। उनका कहना था कि कुछ केंद्रों पर बायोमेट्रिक जांच में तकनीकी दिक्कत आई, जिससे परीक्षा शुरू होने में देरी हुई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और अभ्यर्थियों को समझाकर शांत कराया।
तीन केंद्रों पर पहले रद्द हुई परीक्षा
शुरुआत में SDSN डिग्री कॉलेज, SDSN पब्लिक स्कूल और ज्यूरिस कॉलेज ऑफ लॉ में परीक्षा रद्द करने का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद संस्थान ने अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए लखनऊ के सभी 7 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा निरस्त कर दी।
एक महीने बाद हो सकती है दोबारा परीक्षा
SGPGI निदेशक प्रो. आरके धीमन के मुताबिक, तकनीकी कारणों से परीक्षा बाधित हुई थी। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसकी नई तारीख संस्थान की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
STF करेगी आरोपों की जांच
अभ्यर्थियों ने परीक्षा में कथित धांधली से जुड़े वीडियो और जानकारियां भी साझा की हैं। संस्थान ने इन आरोपों की जांच STF को सौंपी है। जांच के बाद ही परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
news desk MPcg