मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस: किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट, छात्रों को 1 लाख की छात्रवृत्ति
मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस, किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट और छात्रों को मिलेगी 1 लाख की छात्रवृत्ति
भोपाल में CM मोहन यादव करेंगे राज्यस्तरीय समारोह का शुभारंभ, मोनाली ठाकुर देंगी प्रस्तुति; मंडला में मंत्री संपतिया उइके ने महिलाओं के साथ खेली कबड्डी
मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस रविवार को प्रदेशभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राज्यस्तरीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। समारोह में बॉलीवुड सिंगर मोनाली ठाकुर मुंबई के कलाकारों के साथ प्रस्तुति देंगी।
165 किसानों को मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर
स्थापना दिवस समारोह में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के 165 विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इनमें 55 किसानों को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट मोटरसाइकिल और 55 को ई-स्कूटर दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 40 हजार किसानों ने हिस्सा लिया था। प्रत्येक जिले से तीन विजेताओं का चयन किया गया है।
102 मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी एक लाख की छात्रवृत्ति
भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत प्रदेश के 102 विद्यार्थियों को एक-एक लाख रुपए की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। खंडवा जिले से सबसे अधिक छह विद्यार्थियों का चयन हुआ है। इसके अलावा कई जिलों से चार-चार विद्यार्थियों को चुना गया है।
मोनाली ठाकुर की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण
समारोह में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता गायिका मोनाली ठाकुर अपने लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में 71 बच्चे एक साथ वंदे मातरम् का गायन करेंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस बैंड राष्ट्रगान प्रस्तुत करेगा। देशज व्यंजन मेले में मालवा, निमाड़, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा।
मंडला में मंत्री ने खेली कबड्डी, बुरहानपुर में जनप्रतिनिधियों ने किया डांस
मंडला में कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके साड़ी का पल्लू बांधकर ग्रामीण महिलाओं के साथ कबड्डी खेलने मैदान में उतरीं। उन्होंने छात्रावास की बच्चियों के साथ डांस भी किया। वहीं, बुरहानपुर में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक, महापौर और कलेक्टर आदिवासी कलाकारों के साथ झूमते नजर आए। झाबुआ में लोकतंत्र सेनानी विमलचंद्र काठी और शहीद की पत्नी सरला शुक्ला का सम्मान किया गया।
news desk MPcg