महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, ओमान से भारत लाया गया

महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, ओमान से भारत लाया गया

CBI और अन्य केंद्रीय एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई

रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में पकड़ा गया आरोपी; 2 नवंबर को रायपुर की विशेष अदालत में होगी पेशी, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को CBI ने गिरफ्तार कर भारत लाया है। उसे ओमान में वहां की रॉयल पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर पकड़ा था। इसके बाद भारतीय एजेंसियों ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी कर उसे भारत लाया। अब उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा।

रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हुई गिरफ्तारी

CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसके आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। भारत सरकार की ओर से CBI और ED ने उसके प्रत्यर्पण के लिए औपचारिक प्रस्ताव भेजा था। इसमें आरोपी के खिलाफ जुटाए गए सबूत भी शामिल थे। भारतीय एजेंसियों, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी हुई। इसके बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई।

देशभर में फैला था ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क

जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक देश के बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था। इसका संचालन भारत के बाहर से किया जा रहा था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था। नेटवर्क को फ्रेंचाइजी की तर्ज पर पैनल और ब्रांच में बांटा गया था, जिनके जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और रकम जमा कराई जाती थी।

हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी सट्टे की रकम

CBI की जांच में सामने आया कि सट्टेबाजी से मिलने वाली रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद कई लेनदेन के जरिए पैसों को छिपाकर हवाला के माध्यम से विदेश भेजने का आरोप है। जांच एजेंसी के मुताबिक, नेटवर्क को सुचारू रूप से चलाने के लिए सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत भी दी जाती थी। मामले में भ्रष्टाचार, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

छत्तीसगढ़ की 13 FIR की जांच कर रही CBI

महादेव सट्टा ऐप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने जांच के लिए 13 FIR CBI को सौंपी थीं। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलुओं की जांच कर रहा है। ED की ओर से सौरभ चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत भी दाखिल की जा चुकी है। जांच एजेंसियां भारत और विदेश में इस नेटवर्क से जुड़ी संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर चुकी हैं।

मेडिकल जांच के बाद रायपुर कोर्ट में होगी पेशी

भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर ले जाया जाएगा। 2 नवंबर को उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है। कोर्ट में पेशी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच की दिशा तय होगी।