इमरान खान ने हाईकोर्ट से मांगी माफी, बोले- अब प्रदर्शन में नहीं जाऊंगा
एक्टर इमरान ने बॉम्बे हाईकोर्ट से मांगी माफी, बोले- अब प्रदर्शन में नहीं जाऊंगा
मुंबई। एक्टर इमरान खान ने SIR विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से बिना शर्त माफी मांग ली है। उन्होंने कोर्ट को भरोसा दिलाया कि भविष्य में वे किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लेंगे। इमरान को प्रदर्शन में शामिल होने के बाद भारत छोड़ने का नोटिस मिला था, जिसके खिलाफ उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है।
मामले की सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट ने इमरान से बिना शर्त माफी और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की अंडरटेकिंग मांगी थी। कोर्ट ने केंद्र सरकार को भी निर्देश दिया कि इमरान को उनके खिलाफ जारी ‘लीव इंडिया नोटिस’ का जवाब देने के लिए पर्याप्त समय दिया जाए।
7 दिसंबर तक भारत छोड़ने के नोटिस पर रोक
हाईकोर्ट ने इमरान को अंतरिम राहत देते हुए फिलहाल देश छोड़ने के नोटिस पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर को होगी। तब तक उनके खिलाफ जारी लीव इंडिया नोटिस पर कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इमरान करीब 42 साल से भारत में रह रहे हैं, लेकिन उनके पास अमेरिकी नागरिकता है और वे वर्ष 2006 से OCI कार्ड धारक हैं।
हाईकोर्ट ने उठाए कई सवाल
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि इमरान इतने वर्षों से भारत में रह रहे हैं और इससे पहले कभी किसी प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए, फिर अब उन्होंने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा क्यों लिया। अदालत ने यह भी कहा कि OCI कार्ड धारक भारतीय नागरिक नहीं होते और उन्हें राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने के अधिकारों को लेकर नियमों का पालन करना होता है।
कोर्ट ने इमरान से यह भी पूछा कि अगर वे बचपन से भारत में रह रहे हैं तो उन्होंने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन क्यों नहीं किया।
OCI रद्द करने का नोटिस भी जारी
इस मामले के अलावा फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस यानी FRRO ने 17 अक्टूबर को इमरान के OCI कार्ड को रद्द करने के संबंध में भी शो-कॉज नोटिस जारी किया था। इस मामले पर भी आगामी सुनवाई में चर्चा हो सकती है।
इमरान को मिली अंतरिम राहत के बाद फिलहाल उन्हें देश छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया हाईकोर्ट की अगली सुनवाई के बाद तय होगी।
news desk MPcg