ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। 38 साल के मैक्सवेल ने टी-20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने का ऐलान किया है। इससे पहले वह जून 2025 में वनडे क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके थे। अब उन्होंने लिस्ट-A और फर्स्ट-क्लास क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया है।

टी-20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के तीसरे टॉप स्कोरर

मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 130 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 2,897 रन बनाए। वह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम 5 टी-20 इंटरनेशनल शतक भी हैं। उन्होंने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

टेस्ट में भी बनाया खास रिकॉर्ड

मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 टेस्ट मैच खेले और 339 रन बनाए। उनका एकमात्र टेस्ट शतक 2017 में भारत के खिलाफ रांची में आया था। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ वह गेंदबाजी में भी टीम के लिए अहम योगदान देते रहे।

आखिरी इंटरनेशनल मैच फरवरी 2026 में खेला

मैक्सवेल ने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच फरवरी 2026 में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ओमान के खिलाफ खेला था। यह ऑस्ट्रेलिया का टूर्नामेंट में आखिरी ग्रुप मैच था। इसके बाद से उनके इंटरनेशनल भविष्य को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी।

मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलते रहेंगे

इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास के बावजूद मैक्सवेल फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खेलते रहेंगे। वह बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स के लिए खेलना जारी रखेंगे। टीम के साथ उनका कॉन्ट्रैक्ट 2027-28 सीजन तक है। इसके अलावा उनके IPL में खेलने की संभावना भी बनी हुई है।

MCG में विदाई मैच की थी उम्मीद

मैक्सवेल ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड यानी MCG पर उन्हें ऑस्ट्रेलिया के लिए विदाई मैच खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 साल में यह फॉर्मेट उनके लिए घर जैसा रहा है और वह मेलबर्न में यादगार विदाई चाहते थे।

हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 मैच में खेलने के विकल्प के बावजूद उन्होंने BBL की तैयारी को प्राथमिकता दी है। घुटने की चोट से उबरने के लिए वह करीब 8 हफ्ते रिहैब करेंगे, ताकि बिग बैश लीग के लिए पूरी तरह फिट हो सकें।

टीम मैनेजमेंट पर दबाव का आरोप नहीं लगाया

मैक्सवेल ने कहा कि उनके भविष्य को लेकर टीम मैनेजमेंट के साथ काफी समय से बातचीत चल रही थी। उन्होंने साफ किया कि संन्यास लेने के लिए उन पर कोई दबाव नहीं था। टीम नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहती थी और कुछ सीरीज में ऐसा किया भी गया।