मुरासु तूफान आंध्र तट से टकराया, 120 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
मुरासु तूफान आंध्र तट से टकराया, 120 किमी/घंटे की रफ्तार से चली हवाएं
चक्रवाती तूफान मुरासु सोमवार रात आंध्र प्रदेश के तट से टकराया। सुबह करीब 3:30 से 5:30 बजे के बीच तूफान ने ओंगोल के पास तट पार किया। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। तूफान के कारण आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
कई इलाकों में भारी बारिश, पेड़ और बिजली के खंभे गिरे
मुरासु के प्रभाव से विजयवाड़ा समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए और कई जगह बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हुए। कुछ इलाकों में नावों को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और हाईवे पर कई वाहन फंस गए।
निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने गुंटूर, बापटला, कृष्णा, नेल्लोर और प्रकाशम जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा जताया है। प्रकाशम जिले में लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। इन लोगों को जिला परिषद स्कूल में बनाए गए चक्रवात राहत केंद्र में शिफ्ट किया गया है।
30 उड़ानें रद्द, कई ट्रेनों के रूट बदले
तूफान का असर हवाई और रेल यातायात पर भी पड़ा है। आंध्र प्रदेश के तीन एयरपोर्ट से 19 उड़ानें रद्द की गई हैं, जबकि चेन्नई से 11 उड़ानों को कैंसिल किया गया है। वहीं विजयवाड़ा-ओंगोल-गुडूर रेल सेक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए चार ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं।
कई जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए आंध्र प्रदेश के कई जिलों में मंगलवार को आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल और कॉलेज बंद रखे गए। प्रशासन की ओर से लोगों से जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।\
ओडिशा में 1.6 लाख लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे
मुरासु के संभावित असर को देखते हुए ओडिशा के पांच जिलों से करीब 1.6 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत और बचाव कार्य के लिए पांच राज्यों में NDRF की कुल 37 टीमें तैनात हैं। इनमें 13 टीमें आंध्र प्रदेश में मौजूद हैं।
अमित शाह ने चंद्रबाबू नायडू से बात की
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से फोन पर बात कर तूफान से बने हालात की जानकारी ली। शाह ने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि NDRF और SDRF की टीमें प्रभावित इलाकों में तैनात हैं और लोगों की मदद कर रही हैं।
कई राज्यों में असर की आशंका
मुरासु तूफान का असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी पड़ने की आशंका जताई गई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
news desk MPcg