दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा अपलोड करने का आदेश
दिवाली पर ग्रीन पटाखों की अपील वाला वीडियो हटाने पर बॉम्बे हाईकोर्ट नाराज, BMC को लगाई फटकार
बॉम्बे हाईकोर्ट ने अभिनेत्री दीया मिर्जा के दिवाली जागरूकता वीडियो को हटाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई है। कोर्ट ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) को निर्देश दिया है कि वह दीया मिर्जा का हटाया गया वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर अपलोड करे। इस वीडियो में अभिनेत्री ने लोगों से पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दिवाली मनाने, ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने और सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे नहीं फोड़ने की अपील की थी।
दरअसल, BMC ने दिवाली के दौरान वायु और ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया था। इसके तहत कई सेलिब्रिटीज के वीडियो तैयार कराए गए थे। दीया मिर्जा का वीडियो भी इसी अभियान का हिस्सा था। लेकिन मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के बाद BMC ने रविवार को पोस्ट किया गया यह वीडियो उसी रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया था।
भाजपा नेताओं की आपत्ति के बाद हटाया गया था वीडियो
दीया मिर्जा के वीडियो पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा था कि दिवाली हजारों वर्षों से मनाई जा रही है और लोगों को त्योहार मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने पटाखों के खिलाफ अपील करने वालों पर भी टिप्पणी की थी।
इसके बाद BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया। हालांकि, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो सोशल मीडिया पर मौजूद रहे।
वीडियो हटाए जाने के बाद दीया मिर्जा ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया था कि उन्होंने इस वीडियो के लिए कोई पैसा नहीं लिया था और उनका उद्देश्य केवल पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।
हाईकोर्ट ने नेताओं की टिप्पणियों पर जताई नाराजगी
जस्टिस गिरीश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की पीठ ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि पर्यावरण और प्रदूषण जैसे मुद्दों को किसी दूसरे रंग में नहीं देखना चाहिए। अदालत ने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और पर्यावरण की चिंता जाति, धर्म या समुदाय से ऊपर है।
अदालत ने यह भी कहा कि दीया मिर्जा ने सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से वीडियो बनाया था और इसमें कुछ भी गलत नहीं था। कोर्ट ने राजनीतिक नेताओं की टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की प्रतिक्रियाओं से समाज में एकता और आपसी विश्वास प्रभावित नहीं होना चाहिए।
हाईकोर्ट ने BMC को हटाए गए वीडियो को दोबारा अपलोड करने का निर्देश दिया।
मेयर ने दीया मिर्जा को बताया था हिंदू विरोधी
वीडियो विवाद में मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने दीया मिर्जा पर हिंदू विरोधी रुख अपनाने का आरोप लगाया था और कहा था कि BMC ने उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
वहीं, महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने भी अभिनेत्री के अभियान पर सवाल उठाए थे। दूसरी ओर, शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने दीया मिर्जा का समर्थन किया था। उन्होंने वीडियो हटाने के फैसले पर सवाल उठाए थे।
पटाखों को लेकर पहले भी जारी हुए थे निर्देश
दरअसल, मुंबई में बढ़ते वायु और ध्वनि प्रदूषण को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट पहले ही पटाखों को लेकर दिशा-निर्देश जारी कर चुका है। अदालत ने सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाने और लोगों को प्रदूषण के नुकसान के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया था।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उसके निर्देश केवल दिवाली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरे साल लागू रहते हैं। अदालत के मुताबिक, प्रदूषण का असर सभी लोगों पर पड़ता है, इसलिए इस मुद्दे को राजनीतिक या धार्मिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इस मामले में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद अब BMC को दीया मिर्जा का वीडियो दोबारा अपलोड करना होगा।
news desk MPcg