आसिफ खान ने खोले बिग बॉस 20 के राज, काजी को बताया ड्रामेबाज
आसिफ खान ने खोले बिग बॉस 20 के राज, काजी को बताया ड्रामेबाज
वेब सीरीज ‘पंचायत’ में दामाद जी यानी गणेश का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले अभिनेता आसिफ खान का ‘बिग बॉस 20’ का सफर खत्म हो गया है। करीब 8 हफ्ते शो में रहने के बाद आसिफ घर से बेघर हो गए। बाहर आने के बाद उन्होंने शो के अनुभव, दूसरे कंटेस्टेंट्स के व्यवहार, सलमान खान से मिले फीडबैक और घर के अंदर हुए विवादों पर खुलकर बात की।
सलमान खान की सलाह को फीडबैक की तरह लिया
आसिफ ने बताया कि बिग बॉस के घर में रहना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था। वह पहले कभी 24 घंटे कैमरों के सामने नहीं रहे थे और न ही अनजान लोगों के साथ इस तरह लंबे समय तक रहे थे। उन्होंने कहा कि घर में कई कंटेस्टेंट्स को टीवी और रियलिटी शो का अनुभव था, जबकि उनके लिए यह सब नया था।
सलमान खान ने दूसरे हफ्ते में उन्हें ज्यादा झगड़े करने को लेकर समझाया था।
आसिफ के मुताबिक, उन्होंने सलमान की बात को नकारात्मक रूप में नहीं लिया, बल्कि खुद को सुधारने की कोशिश की। इसके बाद उनका अगला बड़ा विवाद करीब छठे हफ्ते में हुआ। उन्होंने कहा कि सलमान सर की सलाह से उन्हें अपने व्यवहार पर विचार करने का मौका मिला।
विवादों में अपनी गलती भी स्वीकार की
आसिफ ने बताया कि घर में कई बार उन्हें लगा कि उनके झगड़ों को अलग तरीके से दिखाया जा रहा है। लव के साथ हुए विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने कई बार शांत होकर बात करने के लिए कहा था, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उन्होंने भी ऊंची आवाज में जवाब दिया।
आसिफ के अनुसार, बाद में रोहित शेट्टी ने उन्हें इस मामले में उनकी गलती समझाई।
घर के अन्य सदस्यों की प्रतिक्रिया देखने के बाद उन्होंने भी अपनी गलती स्वीकार की और लव से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि घर में एक साथ कई लोग बोलते थे, जिससे दर्शकों तक पूरी स्थिति पहुंचना मुश्किल हो जाता था।
काजी के व्यवहार पर जताई नाराजगी
काजी के साथ हुए विवाद को लेकर आसिफ ने कहा कि वीकेंड का वार में मिले फीडबैक के तरीके से वह सहमत नहीं थे। उनका कहना था कि काजी ने बीमारी को लेकर मजाक किया था, इसलिए उन्हें लगता था कि इस मुद्दे पर काजी को ज्यादा समझाया जाना चाहिए था।
आसिफ ने कहा कि वह हर हफ्ते मिलने वाली सलाह को स्वीकार करते थे और उस पर काम भी करते थे, लेकिन उस दिन उन्हें अपनी गलती नहीं लगी। इसलिए उन्होंने सम्मान के साथ अपनी असहमति जाहिर की।
कहा- 16 साल की मेहनत के बाद बना हूं एक्टर
आसिफ ने शो में बार-बार खुद को एक्टर बताने पर उठे सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें एक अभिनेता के रूप में पहचान बनाने में 16 साल लगे हैं। ऐसे में अपनी एक्टिंग और मेहनत के बारे में बात करना घमंड नहीं है।
उन्होंने कहा कि वह शो में अपनी असली भावनाओं के साथ रहे। गुस्सा आने पर गुस्सा दिखाया और दुख होने पर उसे छिपाया नहीं। आसिफ के मुताबिक, उन्हें घर के सभी 14 सदस्यों ने अपनी निजी बातें बताई थीं, लेकिन उन्होंने कभी किसी की कमजोरियों या निजी जानकारियों का इस्तेमाल झगड़े में नहीं किया।
'बीबी न्यूज' को बताया अपनी खास पहचान
शो के दौरान आसिफ घर में ‘बीबी न्यूज’ नाम से एक मजाकिया न्यूज बुलेटिन चलाते थे। इसमें वह घर के सदस्यों की गतिविधियों और घटनाओं को चुटीले अंदाज में पेश करते थे। इस अंदाज को दर्शकों ने भी पसंद किया।
आसिफ ने कहा कि किसी शो या फिल्म में किरदार की लंबाई उनके लिए मायने नहीं रखती। ‘पंचायत’ में भी उनका किरदार सीमित था, लेकिन दर्शकों ने उसे पसंद किया। उन्होंने कहा कि अगर 15 हफ्ते घर में रहने के बजाय 8 हफ्तों में दर्शकों का मनोरंजन कर पाए, तो यह भी उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उनके बाहर आने पर घर के कई सदस्य भावुक हुए, यहां तक कि उनके विरोधी भी रोए। आसिफ ने इसे अपनी ट्रॉफी बताया।
वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में दिखाने पर जताई चिंता
घर से बाहर आने के बाद आसिफ ने स्काउट और लव से जुड़े वायरल वीडियो भी देखे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी ने उन्हें ये वीडियो दिखाए थे और उन्हें अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर की घटनाओं को इस तरह पेश किया जा रहा है।
आसिफ ने लोगों से अपील की कि किसी भी लड़की के वीडियो को गलत संदर्भ में पेश न किया जाए। उनके मुताबिक, सिर्फ व्यूज पाने के लिए किसी की छवि खराब करना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कंटेंट बनाते समय लोगों को दूसरों की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।
रोहित शेट्टी और राजकुमार राव से मिली तारीफ
आसिफ ने बताया कि अभिनेता राजकुमार राव और निर्देशक रोहित शेट्टी ने उनके काम की तारीफ की थी। रोहित शेट्टी ने उनके साथ काम करने की इच्छा भी जताई थी। आसिफ ने कहा कि इतने बड़े कलाकारों से सराहना मिलना उनके लिए खुशी की बात है।
उन्होंने रोहित शेट्टी और सलमान खान के बारे में कहा कि दोनों की अपनी राय है और किसी मुद्दे पर असहमति होने पर अपनी बात रखनी चाहिए। उनके मुताबिक, सामने कोई भी हो, हर व्यक्ति को अपनी राय जाहिर करने का अधिकार है।
काजी को बताया ड्रामेबाज, आम्रपाली को सबसे फेक
रैपिड फायर राउंड में आसिफ ने घर के सदस्यों को लेकर अपनी राय भी रखी। उन्होंने काजी को सबसे बड़े ड्रामेबाजों में शामिल किया और आम्रपाली को सबसे फेक कंटेस्टेंट बताया। उनके मुताबिक, माही भी कुछ हद तक फेक लगीं। आसिफ ने आम्रपाली को घर में सबसे ज्यादा गॉसिप करने वाली सदस्य भी बताया।
वहीं, उन्होंने स्काउट को घर का सबसे अच्छा इंसान बताया। बिग बॉस की ट्रॉफी के दावेदारों के रूप में उन्होंने स्काउट, यंग और आरिश्फा का नाम लिया।
'पंचायत' से मिली पहचान
आसिफ खान को वेब सीरीज ‘पंचायत’ में गणेश उर्फ दामाद जी के किरदार से खास पहचान मिली। इसके अलावा वह ‘जामताड़ा’, ‘मिर्जापुर’, ‘मर्डर इन अगोंडा’, ‘घर सेट है’ और ‘देहाती लड़के’ जैसे प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं। बिग बॉस से बाहर होने के बाद अब आसिफ का कहना है कि उनका सफर खत्म नहीं हुआ है, बल्कि आगे बढ़ने के लिए उनका अगला पड़ाव बदल गया है।
news desk MPcg