भारत की तेज रफ्तार: IMF और ADB ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की सराहना

भारत की तेज रफ्तार: IMF और ADB ने की भारतीय अर्थव्यवस्था की सराहना

भारत की तेज रफ्तार का हर कोई कायल है। अंतरराष्‍ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के बाद अब एशियाई विकास बैंक (ADB) ने भी भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की तेज रफ्तार की सराहना की है। सभी संस्‍थाओं और रेटिंग एजेंसियों का एक ही दावा है कि भारत की विकास दर दुनिया में सबसे तेज है। न सिर्फ चालू वित्‍तवर्ष में बल्कि अगले वित्‍तवर्ष में भी भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था सबसे तेज गति से आगे बढ़ेगी। इसके साथ ही एडीबी ने विकास दर का अनुमान भी बता दिया है।

ADB का विकास दर अनुमान

एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने चालू वित्त वर्ष 2024-25 के लिए भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर का अनुमान 7 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। साथ ही कहा कि सामान्य से बेहतर मानसून अनुमानों को देखते हुए कृषि क्षेत्र में सुधार की उम्मीद है। एडीबी का यह पूर्वानुमान ऐसे समय में आया है जब अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भारत के लिए अपने सकल घरेलू उत्पाद की वृद्धि दर के अनुमान को संशोधित कर 7 प्रतिशत कर दिया है। आईएमएफ ने अप्रैल में इसके 6.8 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया था।

आरबीआई और आईएमएफ ने बढ़ाया अनुमान

जैसा कि आपको बताया कि आईएमएफ ने भारत की विकास के अनुमान को 0.2 फीसदी बढ़ा दिया है। इससे पहले रिजर्व बैंक ने भी विकास दर अनुमानों में बदलाव किया था। आरबीआई ने चालू वित्‍तवर्ष के विकास दर अनुमान को 7 फीसदी से बढ़ाकर 7.2 फीसदी कर दिया था। इसका मतलब है क‍ि आरबीआई और आईएमएफ दोनों ने ही अपने विकास दर अनुमान को 0.2 फीसदी बढ़ा दिया है।