अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 15 दिन में दूसरा ईमेल
अमिताभ बच्चन के ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी, 15 दिन में दूसरा ईमेल
मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इस बार धमकी भरे ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE), बॉम्बे हाईकोर्ट और वर्ली रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। 15 दिनों के भीतर अमिताभ बच्चन के बंगले को धमकी मिलने की यह दूसरी घटना है।
ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। धमकी की गंभीरता को देखते हुए संबंधित स्थानों की सुरक्षा और जांच को लेकर कार्रवाई की जा रही है।
धमकी में इन जगहों का भी नाम
6 नवंबर को भेजे गए नए ईमेल में सिर्फ अमिताभ बच्चन के बंगले को ही नहीं, बल्कि बॉम्बे हाईकोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और वर्ली रेसकोर्स को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मुंबई पुलिस ने ईमेल को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का प्रयास है कि ईमेल भेजने वाले की पहचान की जाए और धमकी की विश्वसनीयता का पता लगाया जाए।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, जलसा, हाईकोर्ट और रेसकोर्स में तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
23 अक्टूबर को भी मिला था धमकी भरा ईमेल
इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को धमकी भरा ईमेल मिला था। इसमें अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। ईमेल में 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच जलसा पर हमले की धमकी दी गई थी।
उस संदेश में खालिस्तान समर्थक संदर्भों के साथ 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला लेने की बात भी लिखी गई थी। दिलजीत दोसांझ के 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी आत्मघाती हमले की चेतावनी दी गई थी।
उस समय पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने बीएमसी मुख्यालय सहित संबंधित स्थानों पर तलाशी ली थी। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू की थी।
धमकी के बाद बुलेटप्रूफ सुरक्षा में दिखे थे अमिताभ
23 अक्टूबर को मिली धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई थी। वह अपने बंगले के बाहर प्रशंसकों का अभिवादन करते समय बुलेटप्रूफ केबिन के पीछे दिखाई दिए थे। अब 15 दिन के भीतर दूसरी बार जलसा को धमकी मिलने से मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल पुलिस नए ईमेल के स्रोत और उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दोनों धमकी भरे ईमेल के बीच कोई संबंध है या नहीं।
news desk MPcg