जयपुर में रोडवेज ड्राइवर से मारपीट, राजस्थान में चक्का जाम की चेतावनी
ड्राइवर से मारपीट पर रोडवेज कर्मचारियों की चक्का जाम की चेतावनी
भरतपुर डिपो के ड्राइवर ने जयपुर के ट्रैफिक इंस्पेक्टर पर मारपीट का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर पूरे राजस्थान में रोडवेज बसों का चक्का जाम किया जाएगा।
पंचर टायर ठीक कराने जा रहे थे ड्राइवर
राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लॉई यूनियन के अध्यक्ष सत्यवीर डागुर के मुताबिक, वह भरतपुर से बस लेकर जयपुर पहुंचे थे। रात में सिंधी कैंप बस स्टैंड पर रुकने के बाद सुबह बस का ड्राइवर की तरफ वाला टायर पंचर मिला। इसके बाद वह टायर ठीक कराने के लिए वैशाली नगर डिपो जा रहे थे।
बस में सवारियां चढ़ाने को लेकर हुआ विवाद
आरोप है कि रास्ते में ट्रैफिक इंस्पेक्टर लोकेश चौधरी ने बस रोककर उसमें सवारियां चढ़ानी शुरू कर दीं। सत्यवीर डागुर ने इसका विरोध किया तो इंस्पेक्टर ने बस के शीशे पर हाथ मारा। ड्राइवर के गेट खोलते ही इंस्पेक्टर बस में चढ़ गए और उनके साथ मारपीट की।
ट्रैफिक ऑफिस में भी मारपीट का आरोप
ड्राइवर का आरोप है कि ट्रैफिक इंस्पेक्टर उन्हें ट्रैफिक ऑफिस ले गए और कमरा नंबर 14 में उनके साथ मारपीट की। इस दौरान बस के कंडक्टर हेम सिंह गुर्जर भी वहां पहुंचे। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने उनके साथ भी धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया।
पैर छुआकर माफी मंगवाने का आरोप
सत्यवीर डागुर ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक ऑफिस में उनसे पैर छुआकर माफी मंगवाई गई। इसके बाद उन्हें वहां से जाने दिया गया। उन्होंने बताया कि वह इस मामले में भरतपुर के अटल बंद थाने में एफआईआर दर्ज करवाएंगे।
कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राजस्थान में चक्का जाम
एटक के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी के अनुसार, घटना को लेकर रोडवेज के प्रबंध निदेशक ने जांच कमेटी बनाई है। यूनियन ने मांग की है कि संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसा नहीं होने पर पूरे राजस्थान में चक्का जाम करने की चेतावनी दी गई है।
news desk MPcg