छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर 12 हजार करोड़ का कारोबार
छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर 12 हजार करोड़ का कारोबार
छत्तीसगढ़ में धनतेरस पर बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। व्यापारिक संगठनों के अनुमान के मुताबिक, प्रदेशभर में 12 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार हुआ। ऑटोमोबाइल सेक्टर में सबसे ज्यादा रौनक रही। प्रदेश में दोपहिया, कार, ट्रैक्टर और अन्य व्यावसायिक वाहनों को मिलाकर 1.50 लाख से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री हुई।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में 1.50 लाख से ज्यादा वाहन बिके
व्यापारिक संगठनों के अनुसार, प्रदेश में करीब 1.30 लाख दोपहिया वाहन और 10 हजार से अधिक कारें बिकीं। इसके अलावा लगभग 10 हजार ट्रैक्टर, कॉमर्शियल वाहन, जेसीबी और थ्री-व्हीलर की बिक्री का अनुमान है।
रायपुर में धनतेरस और दिवाली के दौरान करीब 2 से 2.5 हजार करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। राजधानी में लगभग 12 हजार दोपहिया और 3 हजार कारों की बिक्री हुई।
बिलासपुर में 1000 करोड़ की खरीदारी का अनुमान
बिलासपुर में धनतेरस पर करीब 1000 करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान लगाया गया है। कारोबारियों के मुताबिक, एक ही दिन में 500 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हुई, जबकि करीब 200 कारों की बुकिंग की गई।
सराफा बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों, मूर्तियों और आभूषणों की मांग रही। गोलबाजार और शनिचरी बाजार में बर्तन खरीदने के लिए भी ग्राहक पहुंचे। तांबे, पीतल और कांसे के बर्तनों की बिक्री हुई।
इलेक्ट्रॉनिक्स और पटाखा बाजार भी गुलजार
बिलासपुर के तेलीपारा और जूना बिलासपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और सजावटी लाइट की खरीदारी हुई। पटाखा बाजार में भी सुबह से देर रात तक भीड़ रही। कारोबारियों ने एक दिन में 50 करोड़ रुपए से ज्यादा के पटाखे बिकने का दावा किया।
दुर्ग में 300 करोड़ का कारोबार
दुर्ग जिले में धनतेरस के दिन करीब 300 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। चेंबर महामंत्री अजय भसीन के मुताबिक, यहां लोग तीन दिनों में खरीदारी करते हैं। शुक्रवार से रविवार तक बाजारों में खरीदारी जारी रहने की संभावना है। उन्होंने अनुमान जताया कि तीन दिनों का कारोबार 500 करोड़ रुपए के पार पहुंच सकता है।
रायगढ़ और जगदलपुर में भी बाजारों में रौनक
रायगढ़ में धनतेरस पर करीब 30 से 38 करोड़ रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। CAIT के सचिव मनीष उदासी के अनुसार, इसमें सराफा बाजार का हिस्सा 12 से 15 करोड़ रुपए, ऑटोमोबाइल का 9 से 11 करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक्स व मोबाइल बाजार का 4 से 5 करोड़ रुपए रहा।
वहीं, जगदलपुर में कारोबारियों ने करीब 30 से 35 करोड़ रुपए की खरीदारी का अनुमान लगाया। यहां सोने-चांदी के आभूषणों के साथ ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी ग्राहकों की भीड़ रही।
सराफा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भीड़
सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद सराफा बाजार में सिक्कों, मूर्तियों और गहनों की मांग बनी रही। बर्तन बाजार में पीतल, तांबे और कांसे के बर्तन खरीदे गए। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज और सजावटी लाइट की बिक्री हुई।
news desk MPcg