संजय झा से मिलीं पूर्व IPS काम्या मिश्रा
संजय झा से मिलीं पूर्व IPS काम्या मिश्रा, JDU में शामिल होने की अटकलें तेज
बिहार की पूर्व IPS अधिकारी काम्या मिश्रा ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से पटना स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उनके राजनीति में आने और JDU में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, काम्या मिश्रा की ओर से पार्टी में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर साझा की मुलाकात की तस्वीर
काम्या मिश्रा ने सोशल मीडिया पर संजय झा के साथ मुलाकात की तस्वीर साझा की। उन्होंने बताया कि संजय झा से मिलकर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बिहार को राष्ट्रीय मुख्यधारा में मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में संजय झा के प्रयासों की सराहना भी की।
फिलहाल काम्या अपने पिता का आयरन और स्टील कारोबार संभाल रही हैं। उनके पति अवधेश दीक्षित बिहार के भोजपुर जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं।
2024 में IPS की नौकरी से दिया था इस्तीफा
ओडिशा की रहने वाली काम्या मिश्रा 2019 बैच की IPS अधिकारी रही हैं। उन्होंने 22 साल की उम्र में UPSC परीक्षा पास कर 172वीं रैंक हासिल की थी। शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला था। बाद में 2021 में उनका कैडर बिहार हो गया।
काम्या दरभंगा में ग्रामीण एसपी के पद पर तैनात थीं। उन्होंने 5 अगस्त 2024 को पुलिस सेवा से इस्तीफा दिया था। उनका इस्तीफा बाद में मंजूर हो गया। उन्होंने पारिवारिक कारोबार की जिम्मेदारी संभालने को इस्तीफे की वजह बताया था।
मसूरी ट्रेनिंग कैंप में हुई थी पहली मुलाकात
काम्या मिश्रा और अवधेश दीक्षित की पहली मुलाकात 2019 में मसूरी के IPS ट्रेनिंग कैंप में हुई थी। दोनों ने साथ में प्रशिक्षण लिया और इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं। एक इंटरव्यू में काम्या ने बताया था कि उन्होंने ही अवधेश के सामने अपने प्यार का इजहार किया था।
घास की अंगूठी देकर किया था प्रपोज
काम्या के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रतलाम में फील्ड विजिट के दौरान उन्होंने अवधेश को प्रपोज किया था। उस समय उनके पास अंगूठी नहीं थी, इसलिए उन्होंने घास से अंगूठी बनाकर अवधेश को दी थी। इसे उन्होंने प्रॉमिस रिंग बताया था।
अवधेश ने एक इंटरव्यू में पहली मुलाकात को याद करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा था कि पहली नजर में ही उनके दिल पर लाठी चार्ज हो गया था। हालांकि, संकोची स्वभाव के कारण वह अपनी भावनाएं जाहिर नहीं कर पाए थे।
2020 में कोर्ट मैरिज, 2021 में हुई शादी
काम्या और अवधेश ने 2020 में कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद 2021 में उदयपुर में धूमधाम से शादी की। काम्या ने बताया था कि हैदराबाद में ट्रेनिंग के दौरान उनका रिश्ता और मजबूत हुआ और दोनों ने एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझा।
अवधेश दीक्षित का पुलिस करियर
अवधेश दीक्षित ने बेगूसराय में ASP के रूप में पहली पोस्टिंग संभाली थी। इसके बाद वह पटना के पालीगंज में ASP रहे। मुजफ्फरपुर में तैनाती के दौरान उन्होंने रेड लाइट एरिया के गरीब बच्चों के लिए पुलिस पाठशाला शुरू की थी। इसके बाद वह गोपालगंज और लखीसराय में एसपी रहे। फिलहाल वह भोजपुर के एसपी हैं।
news desk MPcg