शहीद बेटे की याद में मां ने स्मारक पर मनाई दिवाली

शहीद बेटे की याद में मां ने स्मारक पर मनाई दिवाली

शहीद बेटे की प्रतिमा के साथ मां ने मनाई दिवाली, दीप जलाकर दी श्रद्धांजलि

राजस्थान के नागौर जिले के ईनाणा गांव में एक मां ने अपने शहीद बेटे की याद में दिवाली मनाई। शहीद भारमल ईनाणियां की मां सोनी देवी अपने बड़े बेटे कानाराम के साथ बेटे के स्मारक पर पहुंचीं। यहां उन्होंने दीपक जलाकर वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद घर में तैयार पकवानों का भोग भी शहीद की स्मृति में अर्पित किया। इस दौरान मां भावुक हो गईं और परिवार ने बेटे को याद करते हुए दिवाली मनाई।

2023 में सिक्किम में ड्यूटी के दौरान हुए थे शहीद

भारमल ईनाणियां भारतीय सेना में तैनात थे। 27 फरवरी 2023 को सिक्किम के थेंगु में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक छा गया था। भारमल के परिवार में उनकी मां सोनी देवी, पत्नी सरला, एक बेटा आदित्य और बेटी पीहू हैं।

बचपन से ही सेना में जाने का था सपना

परिवार के मुताबिक, भारमल बचपन से ही सेना में जाने का सपना देखते थे। खेल के दौरान भी वे हमेशा सिपाही की भूमिका निभाते थे। गांव से जब सेना की गाड़ियां गुजरती थीं, तो वे कहते थे कि एक दिन वे भी सेना की वर्दी पहनकर इसी तरह लौटेंगे। उनका यह सपना 2011 में पूरा हुआ, जब उन्होंने भारतीय सेना जॉइन की।

होली से पहले आई थी शहादत की खबर

परिवार ने बताया कि शहीद होने से पहले भारमल ने 3 मार्च को छुट्टी लेकर परिवार के साथ होली मनाने की बात कही थी। लेकिन 27 फरवरी को उनके निधन की सूचना आ गई। जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो मां और पत्नी बेसुध हो गई थीं। अंतिम संस्कार के दौरान उनके बेटे ने पिता को मुखाग्नि दी थी।

परिवार को दी गई थी आर्थिक सहायता

शहीद भारमल की पत्नी सरला को तत्कालीन जिला कलेक्टर अरुण पुरोहित की ओर से आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सहायता कोष और अन्य सहायता के तहत परिवार को आर्थिक मदद दी गई थी। इसमें इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत 25 बीघा भूमि के बदले 25 लाख रुपए और तत्काल सहायता राशि भी शामिल थी।