IPL में 2028 से बढ़ सकती हैं दो नई टीमें, 12 फ्रेंचाइजी के साथ होगा टूर्नामेंट
IPL में 2028 से बढ़ सकती हैं दो नई टीमें, 12 फ्रेंचाइजी के साथ होगा टूर्नामेंट
पुणे और वडोदरा नई टीमों की रेस में आगे, एक फ्रेंचाइजी की कीमत 8,900 करोड़ रुपये से ज्यादा होने का अनुमान
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में आने वाले वर्षों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) 2028 से लीग में दो नई फ्रेंचाइजी शामिल करने पर विचार कर रहा है। ऐसा होने पर IPL में टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी। नई टीमों के लिए पुणे और वडोदरा को फिलहाल सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और अंतिम फैसला होने तक शहरों के नाम बदल भी सकते हैं।
2022 में शामिल हुई थीं लखनऊ और गुजरात की टीमें
IPL में इससे पहले 2022 सीजन से दो नई फ्रेंचाइजी शामिल की गई थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को RPSG ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस का मालिकाना हक CVC कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में हासिल किया था। दोनों टीमों के शामिल होने के बाद IPL में फ्रेंचाइजी की संख्या 8 से बढ़कर 10 हो गई थी। अब एक बार फिर लीग के विस्तार की संभावना पर चर्चा हो रही है।
एक नई फ्रेंचाइजी की कीमत 8,900 करोड़ रुपये से ज्यादा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नई टीमों में से प्रत्येक की कीमत 1 बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है। इन सौदों के बाद IPL फ्रेंचाइजी में निवेश को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी दिलचस्पी बढ़ी है।
कई बड़े निवेशक दिखा रहे रुचि
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि नई फ्रेंचाइजी खरीदने के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्म, वेस्ट एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह रुचि दिखा रहे हैं। निवेशकों में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी सामने आया है। हालांकि, अभी किसी निवेशक या संभावित मालिक के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
2028 से 2032 के मीडिया राइट्स से जुड़ी तैयारी
दो नई टीमों को शामिल करने की चर्चा IPL के अगले मीडिया राइट्स साइकल यानी 2028 से 2032 की अवधि से जुड़ी है। मौजूदा 2023 से 2027 तक के मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बेचे गए थे। टीमों की संख्या बढ़ने से मैचों की संख्या में भी इजाफा होगा। ऐसे में BCCI को खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टर्स की रुचि जैसे पहलुओं पर विचार करना होगा। अधिक मैच होने से प्रसारण की लागत और व्यावसायिक समीकरण भी बदल सकते हैं।
पुणे में पहले भी खेल चुकी हैं IPL की टीमें
पुणे का नाम IPL के लिए नया नहीं है। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक लीग में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की टीम खेली। 2017 में टीम स्टीव स्मिथ की कप्तानी में फाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे मुंबई इंडियंस के खिलाफ महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा था। 2016 में टीम की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी ने की थी।
हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह के ट्रेड का दावा भी चर्चा में
IPL से जुड़ी एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुंबई इंडियंस के लिए 10 सीजन खेल चुके हार्दिक पंड्या फ्रेंचाइजी छोड़कर पंजाब किंग्स से जुड़ सकते हैं। वहीं, पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में आने की बात कही जा रही है। रिपोर्ट में दोनों टीमों के बीच ट्रेड होने का दावा किया गया है। हालांकि, इस संभावित बदलाव को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
news desk MPcg