दिलजीत दोसांझ बोले- 15 नवंबर को इंदौर आ रहा हूं, कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें गलत

दिलजीत दोसांझ बोले- 15 नवंबर को इंदौर आ रहा हूं, कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें गलत

दिलजीत दोसांझ बोले- 15 नवंबर को इंदौर आ रहा हूं, कॉन्सर्ट रद्द होने की खबरें गलत

सिंगर ने न्यूज चैनलों पर खबरों में मसाला लगाने का आरोप लगाया; कार्यक्रम को बम से उड़ाने की तीन बार मिल चुकी है धमकी

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में होने वाले अपने कॉन्सर्ट के रद्द होने की खबरों को गलत बताया है। उन्होंने साफ कहा है कि वे 15 नवंबर को तय कार्यक्रम के अनुसार इंदौर पहुंचेंगे। कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की तीन बार धमकी मिलने के बीच दिलजीत ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर प्रशंसकों को भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर पहुंचकर सबसे पहले पोहा खाएंगे।

इंस्टाग्राम लाइव में बोले- पहले पोहा खाएंगे

दिलजीत दोसांझ ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान कहा कि 15 नवंबर को वे इंदौर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ''बहुत सारी न्यूज लगीं और कई चैनलों ने खबरों को मसाला लगाकर दिखाया। मैं 15 तारीख को इंदौर आ रहा हूं। सबसे पहले आकर पोहा खाएंगे, फिर एनर्जी लेकर कार्यक्रम करेंगे। आपको फिक्र करने की जरूरत नहीं है और न ही किसी खबर को लेकर परेशान होना है।''

मीडिया रिपोर्टिंग पर जताई नाराजगी

दिलजीत ने कुछ न्यूज चैनलों की रिपोर्टिंग पर नाराजगी जताते हुए कहा कि खबर दिखाने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसी बातों पर भी खबरें बना दी जाती हैं, जिनका कोई आधार नहीं होता। सिंगर ने मीडिया से अपील की कि किसी भी जानकारी को प्रसारित करने से पहले उसके बारे में स्पष्टीकरण जरूर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि खबरें दिखाने के नाम पर अनावश्यक मसाला लगाना ठीक नहीं है।

कॉन्सर्ट को तीन बार मिल चुकी है बम से उड़ाने की धमकी

दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी सामने आई हैं। हाल ही में ग्वालियर हाईकोर्ट और एक न्यायाधीश को धमकी भरा ईमेल भेजा गया था। 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजे गए इस ईमेल में कॉन्सर्ट के दौरान बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।

ईमेल में अभिभावकों से बच्चों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की अपील भी की गई थी।

इससे पहले इंदौर महापौर कार्यालय और शहर के तीन स्कूलों को भी कार्यक्रम के संबंध में धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। नवंबर के पहले सप्ताह में बॉम्बे हाईकोर्ट को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। मामले की जांच ग्वालियर क्राइम ब्रांच और एटीएस कर रही हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ईमेल के आईपी एड्रेस फ्रांस और दक्षिण कोरिया से जुड़े बताए गए हैं। हालांकि, जांच में भारत से ईमेल भेजे जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है।

बच्चों पर असर डालने वाले गानों को लेकर आयोजकों को निर्देश

कॉन्सर्ट को लेकर गानों की विषयवस्तु पर भी चर्चा हो रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी रजनीश सिन्हा के अनुसार, विभाग को चंडीगढ़ से एक पत्र मिला था। इसमें ऐसे गानों का उल्लेख किया गया था, जिनमें ड्रग्स, नशीले पदार्थों या हथियारों का महिमामंडन किया जाता है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए आयोजकों को पत्र लिखकर ऐसे गाने कार्यक्रम में नहीं गाने के लिए कहा गया है। विभाग का कहना है कि इस तरह की सामग्री का बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

इंदौर में C21 एस्टेट में होगा कार्यक्रम

दिलजीत दोसांझ का यह कॉन्सर्ट उनके ऑरा इंडिया टूर का हिस्सा है। टूर की शुरुआत 1 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हुई थी। इसके बाद 15 नवंबर को इंदौर के C21 एस्टेट में कार्यक्रम प्रस्तावित है। टूर के तहत 21 नवंबर को अहमदाबाद, 27 नवंबर को मुंबई और 29 नवंबर को बेंगलुरु में भी कॉन्सर्ट होंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को लखनऊ में परफॉर्मेंस होगी। चंडीगढ़ में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, हालांकि इसकी तारीख और वेन्यू की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।