रामायण फिल्म देखकर बदला नितीश भारद्वाज का नजरिया

रामायण फिल्म देखकर बदला नितीश भारद्वाज का नजरिया

रामायण फिल्म देखकर बदला नितीश भारद्वाज का नजरिया:

बोले- भारतीय विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से दिखायारणबीर कपूर,

साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ को लेकर अब अभिनेता नितीश भारद्वाज ने सवाल उठाए हैं। बीआर चोपड़ा के चर्चित टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान कृष्ण की भूमिका निभाने वाले नितीश ने फिल्म देखने के बाद इसकी आलोचना की है। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने ट्रेलर देखने के बाद फिल्म की तारीफ करते हुए इसके ऑस्कर जीतने की उम्मीद जताई थी, लेकिन अब उन्होंने अपनी पुरानी राय वापस ले ली है।

रावण के चित्रण पर जताई आपत्ति

नितीश भारद्वाज ने फिल्म में रावण के किरदार को जिस तरह पेश किया गया है, उस पर नाराजगी जाहिर की है। फिल्म में यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। नितीश के मुताबिक, फिल्म में रावण को बेहद उदार, सामाजिक न्याय का समर्थक और निष्पक्ष व्यक्ति दिखाया गया है। उनका मानना है कि इस तरह का चित्रण रामायण के मूल नैतिक और आध्यात्मिक संदेश को प्रभावित कर सकता है।

बोले- रामायण भारत की सभ्यतागत चेतना से जुड़ा महाकाव्य

नितीश ने सोशल मीडिया पर लिखा कि रामायण केवल एक कहानी नहीं, बल्कि सनातन भारत की सभ्यतागत और आध्यात्मिक चेतना का हिस्सा है। उनके अनुसार, इसके नायक, नायिका और खलनायक सभी महाकाव्य के संदेश और मूल्यों को समझने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भगवान विष्णु ने धर्म, परंपरा और मर्यादा की स्थापना के लिए राम अवतार लिया था। ऐसे में रावण को असाधारण रूप से उदार और न्यायप्रिय दिखाना रामायण के मूल उद्देश्य को कमजोर कर सकता है।

VFX को लेकर भी उठाए सवाल

नितीश भारद्वाज ने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स यानी VFX पर भी अपनी बात रखी। उनका कहना है कि शानदार तकनीक और भव्य दृश्य किसी महाकाव्य के मूल्यों, दार्शनिक गहराई और आध्यात्मिक सार की जगह नहीं ले सकते। उन्होंने फिल्म देखने के बाद निराशा जाहिर की और ट्रेलर के आधार पर की गई अपनी पुरानी तारीफ वापस लेने की बात कही। उनका यह भी कहना है कि भारतीय इतिहास, विरासत और आध्यात्मिक मूल्यों को गलत तरीके से पेश करने वाली फिल्म को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा का प्रतिनिधित्व नहीं करना चाहिए।

पहले फिल्म को बताया था ऑस्कर का दावेदार

फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद नितीश भारद्वाज ने इसकी जमकर तारीफ की थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि फिल्म को 100 प्रतिशत बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में ऑस्कर मिल सकता है। उन्होंने निर्देशक नितेश तिवारी को सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद भारतीय सिनेमा का दुनिया को अगला बड़ा तोहफा बताया था। उस समय उन्होंने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी, VFX और AI के इस्तेमाल की भी सराहना की थी। संगीतकार हंस जिमर के फिल्म से जुड़ने पर भी उन्होंने खुशी जताई थी।

रणबीर और यश की भी की थी तारीफ

नितीश ने पहले रणबीर कपूर की अभिनय क्षमता की तारीफ करते हुए उन्हें अगली पीढ़ी के बेहतरीन सितारों में शामिल बताया था। वहीं, यश का ग्लोबल सिनेमा में स्वागत किया था। अब फिल्म देखने के बाद उनका नजरिया बदल गया है। ट्रेलर की तारीफ से लेकर फिल्म की आलोचना तक का उनका यह बदलाव चर्चा का विषय बन गया है।

नितेश तिवारी ने किया है फिल्म का निर्देशन

‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में नजर आएंगे, जिनका रोल अगले पार्ट में दिखाया जाना है।